चलती कार में युवती से यौन संबंध बनाने की कोशिश, मोबाइल में रिकॉर्ड हुईं चीखें, दिल्ली में खौफनाक वारदात

दिल्ली के मंडावली इलाके में 24 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि उसका परिचित युवक मोमोज खिलाने के बहाने उसे कार में ले गया और सुनसान इलाके में यौन संबंध बनाने का दबाव डालने लगा. विरोध करने पर आरोपी ने अश्लील बातें कहीं और धमकियां दीं. युवती ने मोबाइल से घटना रिकॉर्ड की. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement
कार में युवती से यौन संबंध का दबाव. (Photo: Screengrab) कार में युवती से यौन संबंध का दबाव. (Photo: Screengrab)

हिमांशु मिश्रा

  • पूर्वी दिल्ली,
  • 30 जून 2026,
  • अपडेटेड 5:26 PM IST

पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में एक 24 वर्षीय युवती के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है. युवती का आरोप है कि उसका परिचित युवक उसे मोमोज खिलाने के बहाने घर से बाहर लेकर गया. इसके बाद उसने कार में बैठाकर सुनसान इलाके की ओर गाड़ी मोड़ दी और रास्ते भर उस पर यौन संबंध बनाने का दबाव बनाता रहा. युवती ने विरोध किया, रोती रही और घर छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपी लगातार अश्लील बातें करता रहा. जब युवती ने शोर मचाया और कार की खिड़कियों पर हाथ-पैर मारने शुरू किए, तब आरोपी ने उसे सड़क किनारे उतार दिया. जाते समय उसने जान से मारने और जिंदगी बर्बाद करने की धमकी भी दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी विकास उसका परिचित था. उसके अनुसार 29 मई को विकास उसके कमरे पर कपड़े बदलने आया था. कपड़े बदलने के बाद उसने मोमोज खाने चलने का प्रस्ताव रखा. दोनों कार से पांडव नगर पहुंचे और वहां मोमोज खाए. इसके बाद दोनों वापस युवती के कमरे पर लौट आए. युवती के मुताबिक कमरे पर लौटने के बाद विकास ने अपने कपड़े बदलकर नीले रंग की ओला-उबर की यूनिफॉर्म पहन ली. जब उसने विकास को वहां से जाने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया. इससे असहज होकर युवती बहाना बनाकर पास के पार्क जाने के लिए कमरे से बाहर निकल गई.

सुनसान रास्ते पर बढ़ा खौफ, विरोध के बाद रुकी कार

कुछ देर बाद उसने विकास को फोन कर पूछा कि वह कहां है. शिकायत के अनुसार विकास ने कहा कि उसकी पानी की बोतल उसके पास है और उसे लेने के लिए नीचे आ जाए. जब युवती नीचे पहुंची तो विकास ने कहा कि उसे कार में सीएनजी भरवाने जाना है और वह उसके साथ चल पड़े. युवती ने पुलिस को बताया कि उसने साथ जाने से इनकार कर दिया था, लेकिन विकास उसके कमरे की चाबी अपने साथ ले चुका था. चाबी वापस लेने के लिए उसे मजबूरी में कार में बैठना पड़ा. इसके बाद दोनों सीएनजी स्टेशन पहुंचे, जहां कार में गैस भरवाई गई.

Advertisement

पीड़िता का आरोप है कि सीएनजी भरवाने के बाद आरोपी उसे घर वापस छोड़ने के बजाय सुनसान इलाके की तरफ ले गया. रास्ते में उसने कार के अंदर अश्लील बातें करनी शुरू कर दीं. उसने युवती को गलत तरीके से छुआ और यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डालने लगा. शिकायत के अनुसार जब युवती ने इसका विरोध किया और उसे तुरंत घर छोड़ने को कहा तो आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि उसके साथ सिर्फ दो मिनट बिताने में क्या दिक्कत है. उसने बार-बार यौन संबंध बनाने की मांग की और अश्लील टिप्पणियां करता रहा.

युवती ने पुलिस को बताया कि वह लगातार रोती रही और आरोपी से उसे छोड़ देने की विनती करती रही. लेकिन आरोपी नहीं माना. शिकायत के मुताबिक उसने कहा कि उसे यह करना ही है और वह बेवजह ड्रामा कर रही है. उसने कथित तौर पर युवती से कार की पिछली सीट पर लेटने के लिए भी कहा. पीड़िता के अनुसार उसने दोबारा साफ इनकार कर दिया. इसके बाद आरोपी ने और भी आपत्तिजनक बातें कहीं. उसने कथित तौर पर कहा कि अगर युवती पहले से किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध में है तो उसके साथ दो मिनट बिताने से क्या फर्क पड़ जाएगा. उसने यह भी कहा कि सब कुछ जल्दी खत्म हो जाएगा और फिर वह उसे घर छोड़ देगा.

Advertisement

युवती ने पुलिस को बताया कि उसने आरोपी से कहा कि वह ऐसा करने के बजाय मर जाना पसंद करेगी. शिकायत के अनुसार इस पर आरोपी ने कथित तौर पर जवाब दिया कि अगर वह मर भी गई तो वह उसे उसके कमरे तक ले जाएगा और वहां भी उसके साथ ऐसा करेगा. अपनी सुरक्षा को खतरे में देखकर युवती ने कार के अंदर जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया. उसने कार की खिड़कियों पर हाथ और पैर मारने शुरू कर दिए ताकि बाहर मौजूद लोगों का ध्यान उसकी ओर जाए. शिकायत के अनुसार युवती का विरोध बढ़ता देख आरोपी ने आखिरकार कार रोक दी और उसे सड़क किनारे उतार दिया.

पीड़िता का आरोप है कि वहां से जाते समय आरोपी ने उसकी जिंदगी बर्बाद करने और उसे जान से मारने की धमकी भी दी. युवती ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उसने गोविंद नाम के एक व्यक्ति को फोन कर पूरी बात बताई. हालांकि वह उस समय अपने गांव में था, इसलिए उसकी मदद के लिए नहीं आ सका. घर लौटते समय रास्ते में उसकी मुलाकात एक पुलिसकर्मी से भी हुई. शिकायत के अनुसार वह इतनी डरी हुई थी कि उस समय पूरी घटना बताने की हिम्मत नहीं जुटा सकी. पुलिसकर्मी ने उसके लिए एक ऑटो-रिक्शा की व्यवस्था कर दी, जिससे वह अपने घर पहुंची.

Advertisement

शिकायत के बाद एक्शन, आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे

घर पहुंचने के बाद युवती ने पूरी घटना अपने पिता को बताई. इसके बाद उसने पुलिस के पास जाकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई. युवती ने यह भी बताया कि कथित घटना के दौरान उसने अपने मोबाइल फोन से कुछ हिस्सा रिकॉर्ड कर लिया था. युवती की शिकायत के आधार पर मंडावली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली. दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »