दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में रविवार सुबह करीब 8 बजे एक युवक की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घायल हालत में युवक सड़क पर तड़पता रहा. जानकारी के मुताबिक, समय पर इलाज मिल जाता तो उसकी जान बच सकती थी. मृतक की पहचान 26 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई है. वह सफाई कर्मचारी थे.
घटना पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी थाना इलाके की है. चाकू लगने के बाद अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे. समय पर इलाज नहीं मिलने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. घटना के बाद MCD कर्मचारियों में नाराजगी है.
LBS अस्पताल के सामने कर्मचारियों का धरना
घटना के विरोध में MCD कर्मचारियों ने LBS अस्पताल के सामने धरना शुरू कर दिया. कर्मचारियों की मांग है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए. मृतक के परिवार को मदद देने की मांग भी उठाई गई है.
घायल को समय पर इलाज मिलने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, अगर उन्हें समय रहते अस्पताल पहुंचाया जाता तो उनकी जान बच सकती थी. इसी मुद्दे को लेकर कर्मचारियों ने LBS अस्पताल के सामने धरना शुरू किया है.
यही वह शख्स हैं, जिनकी कल्याणपुरी में चाकू मारकर हत्या कर दी गई.
AAP विधायक कुलदीप कुमार ने भी घटना पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने अनिल कुमार को सफाई कर्मचारी बताते हुए परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की. साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी. साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार और दिल्ली पुलिस को जवाब देना होगा कि आखिर दिल्ली की जनता कब सुरक्षित होगी.
आदर्श नगर में भी हुई थी खूनी वारदात
दिल्ली में अपराध की यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले आदर्श नगर इलाके में भी एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. 13 अगस्त की रात करीब 1 बजे आजादपुर की लाल बाग झुग्गी में मामूली कहासुनी के बाद नीरज नाम के युवक पर हमला हुआ था. आरोपी अमन उर्फ मुल्ला ने अपने साथी के साथ मिलकर पहले नीरज पर गोली चलाई, फिर चाकू से वार करके उसे मार डाला.
आदर्श नगर मामले में चश्मदीद साहिल ने बताया था कि झगड़े के बाद जब वे लौट रहे थे, तभी आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया. बाद में नीरज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अब कल्याणपुरी में दिनदहाड़े हुई इस चाकूबाजी ने शहर की कानून व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर हमलावरों की तलाश में जुटी है.
अमरजीत सिंह