पतंग उतारने के दौरान खुले नाले में गिरा 15 साल का छात्र, दिनभर रेस्क्यू के बाद भी नहीं मिला मिथुन

दिल्ली के जसोला गांव इलाके में शनिवार सुबह 15 वर्षीय छात्र मिथुन खुले नाले में गिर गया. आठवीं कक्षा में पढ़ने वाला किशोर स्कूल जाने के लिए तैयार था और कथित तौर पर पतंग उतारने के दौरान नाले में जा गिरा. सूचना के बाद पुलिस, फायर और अन्य एजेंसियों ने तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका पता नहीं चल सका.

Advertisement
परिवार को बच्चे के मिलने का इंतजार.(Photo: Ashutosh Kumar/ITG) परिवार को बच्चे के मिलने का इंतजार.(Photo: Ashutosh Kumar/ITG)

आशुतोष कुमार

  • नई दिल्ली,
  • 22 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 11:44 PM IST

राजधानी दिल्ली के जसोला गांव इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. आठवीं कक्षा में पढ़ने वाला 15 वर्षीय छात्र मिथुन खुले नाले में गिर गया. घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है. जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर विभाग और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.

पूरे दिन नाले में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका. बच्चे के लापता होने के बाद उसकी मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार लगातार रेस्क्यू टीम से बच्चे को खोजने की गुहार लगा रहा है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक किया गया बंद, इंटरचेंज भी नहीं कर सकेंगे यात्री

मां ने रोते हुए कहा कि उन्हें कुछ नहीं चाहिए, बस उनका बच्चा उन्हें वापस चाहिए. हादसे के बाद परिवार घटनास्थल पर मौजूद रहा और बचाव दल की कार्रवाई पर नजर बनाए रखी.

पतंग उतारने के दौरान नाले में गिरा छात्र

मिथुन के पिता अवधेश कुमार ने बताया कि उनके बेटे की उम्र 15 साल है और वह आठवीं कक्षा में पढ़ता है. शनिवार सुबह करीब 11 बजे वह नाले में गिर गया. पिता का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू टीम मौके पर देर से पहुंची.

उन्होंने बताया कि तलाश के लिए गोताखोर भी आए थे, लेकिन उनके मुताबिक उन्होंने नाले के अंदर जाकर खोजबीन नहीं की. परिवार का कहना है कि लाठी की मदद से बाहर से ही तलाश की गई. हालांकि, पूरे दिन अभियान चलने के बावजूद मिथुन का पता नहीं लग पाया.

Advertisement

बच्चे के मामा शिवा ने बताया कि परिवार के लोग काम पर गए हुए थे. मिथुन भी स्कूल जाने के लिए तैयार था और उसने स्कूल ड्रेस पहन रखी थी. उनके मुताबिक, इसी दौरान वह पतंग उतारने के लिए चढ़ा और अचानक खुले नाले में गिर गया.

परिवार को बच्चे के मिलने का इंतजार

परिजनों के अनुसार, हादसे के बाद से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है. पुलिस और दूसरी एजेंसियों की टीमें नाले में बच्चे की तलाश कर रही हैं. परिवार का कहना है कि दिनभर खोजबीन के बाद भी मिथुन का कुछ पता नहीं चला, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है.

घटनास्थल की तस्वीरों में जसोला इलाके का वही खुला नाला दिखाई दे रहा है, जिसमें छात्र के गिरने की बात सामने आई है. परिवार और स्थानीय लोग बच्चे के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं.

फिलहाल, रेस्क्यू एजेंसियां छात्र की तलाश में जुटी हैं. पुलिस भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. बच्चे के नाले में गिरने की परिस्थितियों और बचाव अभियान से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »