कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने दावा किया है कि बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियां उनका पीछा कर रही हैं. इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के कर्मचारी उनके घर की निगरानी कर रहे हैं. उन्होंने आशंका जताई कि दिल्ली पुलिस उन्हें आज शुक्रवार सुबह हिरासत में ले सकती है. दरअसल, उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब पार्टी ने शुक्रवार को तिरंगा मार्च निकालने का ऐलान किया है.
गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिपके ने कहा कि पार्टी के सदस्य शांतिपूर्वक तिरंगा लहराने जाएंगे. उन्होंने कहा कि अगर राष्ट्रीय ध्वज लहराना अपराध माना जाता है, तो वे जेल जाने के लिए भी तैयार हैं.
'तिरंगा लहराने के लिए जेल जाना पड़ा तो तैयार हैं'
PC में अभिजीत दिपके ने कहा कि कल हम शांतिपूर्वक जाएंगे और तिरंगा लहराएंगे. अगर आप इसे अपराध मानते हैं, तो आप देश के सबसे बड़े गद्दार हैं. उन्होंने आगे कहा कि अगर देश में तिरंगा लहराने के लिए जेल जाना पड़े, तो वे इसके लिए भी तैयार हैं. दिपके ने आरोप लगाया कि तिरंगा लहराने के मामले में CJP के सहयोगियों सौरव दास और आशुतोष रांका को गिरफ्तार किया गया है.
CJP ने अपने समर्थकों और आम लोगों से शुक्रवार को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में जुटने की अपील की है. पार्टी वहां तिरंगा लहराकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जताना चाहती है. यह विरोध मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर है.
इस बीच, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने गुरुवार को घोषणा की कि सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा. इसी पार्क में तिरंगा मार्च प्रस्तावित था. पार्क बंद रखने के फैसले पर सवाल उठाते हुए दिपके ने कहा कि अगर पार्टी 100 जगहों पर तिरंगा लहराने का ऐलान करे, तो क्या प्रशासन सभी 100 जगहों को बंद कर देगा? उन्होंने यह भी सवाल किया कि अगर किसी राजनीतिक रैली में लोग तिरंगा लहराने पहुंचें, तो क्या उस रैली को भी रद्द कर दिया जाएगा.
'पुलिस आज रात या कल सुबह हिरासत में ले सकती है'
अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियां उनका पीछा कर रही हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि IB के कर्मचारी उनके घर के बाहर तैनात चौकीदार से उनके बारे में जानकारी ले रहे थे. उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस उन्हें गुरुवार रात या शुक्रवार सुबह हिरासत में ले सकती है, लेकिन वे इससे डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेगी.
यह भी पढ़ें: इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस, बॉलीवुड ने साधी चुप्पी, भड़के अभिजीत दिपके, बोले- उन्हें सिर्फ इतना पूछना है...
दिपके ने कहा कि CJP सरकार बदलने की मांग नहीं कर रही है. पार्टी की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए और उनकी जगह किसी दूसरे व्यक्ति की नियुक्ति स्वतंत्र और निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत हो.
उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार दूसरे चुनाव आयुक्तों की बात भी नहीं सुन रहे हैं. दिपके ने सवाल किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग करना क्या अपराध है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिपके ने देश में आपातकाल जैसे हालात होने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एमरजेंसी घोषित नहीं कर रहे, क्योंकि इससे उनकी छवि को नुकसान पहुंच सकता है.
aajtak.in