आजकल फोन में हजारों फोटो, बेकार के स्क्रीनशॉट, बिना काम के ऐप्स और लगातार आने वाले नोटिफिकेशन जमा हो जाते हैं. नतीजा ये होता है कि जरूरी चीज ढूंढने में वक्त लगता है और बार-बार फोन देखने की आदत भी बढ़ सकती है. ऐसे में फोन को सिर्फ स्टोरेज के लिए नहीं, बल्कि अपनी डिजिटल लाइफ को आसान बनाने के लिए भी साफ करना जरूरी है. अगर आपका फोन भी जरूरत से ज्यादा भरा हुआ है, तो जेन जी के ये आसान तरीके आजमा सकते हैं.
1. गैलरी से बेकार फोटो और स्क्रीनशॉट्स हटाएं- फोन की गैलरी में कई बार एक ही फोटो की पांच कॉपी, पुराने स्क्रीनशॉट, ब्लर फोटोज और ऐसे मीम्स पड़े रहते हैं, जिन्हें अब देखने का मन भी नहीं करता. सबसे पहले इन्हें हटाएं. एक जैसे और ब्लर फोटो डिलीट करें. पुराने टिकट, बिल और ऐसे स्क्रीनशॉट हटाएं जिनकी अब जरूरत नहीं है. जरूरी फोटो को अलग-अलग एल्बम में रखें. डिलीट करने से पहले जरूरी डॉक्यूमेंट और यादगार फोटोज जरूर चेक करें.
2. जिन ऐप्स का इस्तेमाल नहीं करते, उन्हें हटाएं- कई बार हम किसी ट्रेंड को देखकर ऐप डाउनलोड कर लेते हैं, लेकिन कुछ दिनों बाद उसे खोलते तक नहीं. ऐसे ऐप्स फोन में जगह घेरते हैं और कभी-कभी बैकग्राउंड में भी काम करते रहते हैं. अपने फोन में देखें कि पिछले कुछ हफ्तों में आपने किन ऐप्स का इस्तेमाल नहीं किया है. गैरजरूरी ऐप्स को अनइंस्टॉल कर दें. किसी ऐप में जरूरी फोटो, फाइल या लॉगिन जानकारी हो, तो हटाने से पहले उसे सेव कर लें.
3. नोटिफिकेशन्स को थोड़ा कम करें- हर थोड़ी देर में आने वाले लाइक्स, शॉपिंग ऑफर्स, गेम रिमाइंडर्स और सोशल मीडिया अलर्टस फोन उठाने की वजह बन जाते हैं. जरूरी नहीं कि हर नोटिफिकेशन आपको उसी वक्त देखना हो. फोन की सेटिंग्स में जाकर नोटिफिकेशन्स खोलें और उन ऐप्स के अलर्ट्स बंद करें, जिनकी जानकारी तुरंत मिलना जरूरी नहीं है. कॉल्स, जरूरी मैसेज, बैंकिंग अलर्ट्स और काम से जुड़े नोटिफिकेशन्स चालू रख सकते हैं. इससे फोन की स्क्रीन पर कम अलर्ट्स आएंगे और जरूरी नोटिफिकेशन्स को पहचानना आसान होगा.
4. होम स्क्रीन को रखें सिंपल- फोन की पहली स्क्रीन पर बहुत सारे ऐप्स होने से जरूरी ऐप ढूंढने में परेशानी हो सकती है. अपनी होम स्क्रीन पर उन्हीं ऐप्स को रखें, जिनका इस्तेमाल रोज करते हैं. जरूरी ऐप्स को पहली स्क्रीन पर रखें. शॉपिंग, ट्रैवल और एंटरटेनमेंट ऐप्स के लिए अलग फोल्डर्स बनाएं. बार-बार इस्तेमाल होने वाले लेकिन ध्यान भटकाने वाले ऐप्स को पहली स्क्रीन से हटा दें. बेकार के विजेट्स को भी हटाएं. इससे फोन इस्तेमाल करना आसान होगा और बार-बार ऐप्स के बीच भटकने की आदत कम करने में मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: "5 ट्रेडिशनल आउटफिट्स, जिन्हें Gen Z दे रही हैं मॉडर्न ट्विस्ट
5. डाउनलोड्स और वॉट्सऐप मीडिया साफ करें- फोन में सिर्फ फोटो ही नहीं, पुराने PDFs, डॉक्यूमेंट्स, डाउनलोड वीडियोज और वॉट्सअप पर आए मीम्स भी काफी जगह घेर सकते हैं. अपने फोन के डाउनलोड्स फोल्डर को चेक करें और गैरजरूरी फाइलें हटाएं. वॉट्सऐप में सेटिंग्स के अंदर स्टोरेज और डेटा मैनेज स्टोरेज जैसे ऑप्शन्स की हेल्प से बड़ी फाइल्स और वीडियोज पहचान सकते हैं. जरूरी डॉक्यूमेंट्स को डिलीट करने से पहले उन्हें किसी सुरक्षित जगह सेव कर लें.
इस तरह कुछ आसान आदतों को अपनाकर जेन जी अपने फोन को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रख सकती है. गैरजरूरी फोटो, ऐप्स और नोटिफिकेशन हटाने से न सिर्फ फोन में जगह खाली होगी, बल्कि जरूरी चीजें ढूंढना भी आसान होगा. जरूरत है कि डिजिटल सफाई को एक बार का काम बनाने के बजाय अपनी डेली लाइफ का हिस्सा बनाया जाए, ताकि फोन आपकी जिंदगी को आसान बनाए, ना कि आपका ध्यान बार-बार भटकाए.
aajtak.in