फैक्ट चेक: लात मारकर व्यक्ति को गाड़ी में बैठाती पुलिस का ये वीडियो नोएडा नहीं, मध्य प्रदेश का है

सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर नोएडा में कर्मचारियों के द्वारा प्रदर्शन देखे गए हैं. इस बीच एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है जिसमें एक पुलिसकर्मी एक व्यक्ति को लात मारकर गाड़ी में बैठाता हुआ नजर आ रहा है. कई लोग इस वीडियो को नोएडा का बताकर शेयर कर रहे हैं जबकि वीडियो मध्य प्रदेश का है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो नोएडा का है जहां एक प्रदर्शनकारी को पुलिस ने लात मारकर गाड़ी में बैठा दिया.
सच्चाई
ये वीडियो मध्य प्रदेश का है, जहां एक दुकान में हंगामा करने पर पुलिस ने इस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया था.

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 14 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:52 PM IST

सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर नोएडा में 13 अप्रैल को सैंकड़ों की संख्या में कर्मचारी सड़कों पर उतर आए. कई जगह सड़कें जाम हो गईं और आगजनी की घटनाएं भी हुईं. 80 से ज्यादा फैक्ट्रियों में तोड़फोड़ की खबरें सामने आईं. इस मामले में अब तक 300 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और सात एफआईआर भी दर्ज की गई हैं. 

Advertisement

इसी संदर्भ में एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इसमें एक पुलिसकर्मी एक व्यक्ति को लात मारकर गाड़ी में बैठाता हुआ नजर आ रहा है. कई लोग इसे नोएडा का बताकर शेयर कर रहे हैं.

आरजेडी प्रवक्ता प्रियंका भारती ने नोएडा डीएम को घेरते हुए ये वीडियो शेयर किया और लिखा, “नोएडा में कर्मचारी हड़ताल पर है, उनकी न्यायसंगत मांगों को सरकार इस बेदर्दी से कुचलती हुई! नोएडा DM हमारे ज्ञानेश जी की बिटिया है, क्या ऐसे पुलिसकर्मियों पर कोई कार्रवाई होगी?”

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो नोएडा का नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के शहडोल का है. 

कैसे पता की सच्चाई?

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये मध्य प्रदेश के कई लोकल मीडिया आउटलेट्स की वीडियो रिपोर्ट्स में मिला. HINDI NEWS MPCG और Anaadi Tv की 11 अप्रैल की रिपोर्ट्स में भी इसे देखा जा सकता है.

Advertisement

इन रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये मामला शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र का है. दरअसल जैतपुर चौराहे पर एक शख्स एक दुकान में घुसकर हंगामा कर रहा था. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इस व्यक्ति के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज किया. 

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, नशे में धुत युवक ने एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में तोड़फोड़ और हंगामा किया. इसके बाद पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में लिया. लेकिन इस दौरान पुलिस ने आरोपी को लात मारी जिसे लेकर काफी बवाल हो गया है.

यूपी पुलिस ने भी 11 अप्रैल को एक एक्स पोस्ट के जरिए वायरल वीडियो के साथ किए जा रहे दावों को भ्रामक बताया है.

 

साफ है कि मध्य प्रदेश की घटना को नोएडा का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement