फैक्ट चेक: यूपी में कान पकड़कर उठक-बैठक लगाते बीजेपी नेता का ये वीडियो 2022 का है

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि बीजेपी नेता का उठक-बैठक लगाने का वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि 2022 विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान का है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
हाल ही के इस वीडियो में एक बीजेपी नेता यूपी विधानसभा चुनाव से पहले कान पकड़कर जनता से माफी मांगता दिख रहा है.
सच्चाई
ये वीडियो 2022 का है, जब रॉबर्ट्सगंज सीट के बीजेपी उम्मीदवार भूपेश चौबे ने चुनाव प्रचार के दौरान जनता से माफी मांगी थी.

ऋद्धीश दत्ता

  • कोलकाता,
  • 14 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:24 PM IST

2027 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं, और उससे पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. वीडियो में बीजेपी के एक नेता को किसी मंच पर अपने कान पकड़कर उठक-बैठक लगाते हुए देखा जा सकता है.

कई सोशल मीडिया यूजर्स इसे हाल की घटना बताकर शेयर कर रहे हैं. साथ ही कुछ लोग तंज कसते हुए लिख रहे हैं कि आने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी की बुरी हालत होने वाली हैं, और बीजेपी के नेता इसी की रिहर्सल करने लगे हैं.

Advertisement

वीडियो को पोस्ट करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “यूपी की जनता भाजपाइयों से जो करवाने वाली है उसका रिहर्सल ये नेतागण कर रहे हैं. भाजपाई उठा-बैठक का अभ्यास कर रहे हैं. क्योंकि अपने कुकर्मों की वजह से डर रहे हैं!”

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये घटना 2022 की है, जब यूपी के रॉबर्ट्सगंज सीट के बीजेपी उम्मीदवार ने ऐसा किया था.

कैसे पता लगाई सच्चाई?

वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये एबीपी न्यूज  की 23 फरवरी, 2022 की एक रिपोर्ट में मिला. इससे ये बात साफ हो जाती है कि ये घटना हाल-फिलहाल की नहीं है.

इस रिपोर्ट के मुताबिक, उठक-बैठक कर रहे ये नेता उत्तर प्रदेश की रॉबर्ट्सगंज विधानसभा के विधायक भूपेश चौबे हैं. 2022 के चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने अपनी कुर्सी पर खड़े होकर अपना कान पकड़कर उठक-बैठक की थी, और पांच साल के कार्यकाल में हुई गलतियों के लिए जनता से माफी मांगी थी.

Advertisement

कीवर्ड सर्च के जरिये हमें इससे संबंधित 'न्यूज 18' और 'टाइम्स ऑफ इंडिया' समेत कई रिपोर्ट्स मिलीं. इनके मुताबिक, भूपेश चौबे ने अपने पांच साल के कार्यकाल की गलतियों के लिए जनता से माफी मांगी, और दोबारा समर्थन देने की अपील की. खबरों में ये भी बताया गया है कि उनके कामकाज को लेकर स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी की बातें सामने आई थीं.

भूपेश चौबे 2017 विधानसभा चुनाव में जीतकर पहली बार रॉबर्ट्सगंज सीट से विधायक बने थे. इसके बाद 2022 में भी बीजेपी ने उन्हें प्रत्याशी बनाया था, और वो दोबारा चुनाव जीते थे.

कुल मिलाकर बात साफ है कि वायरल वीडियो हालिया नहीं, बल्कि 2022 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान का है, और इसे अभी का बताकर भ्रामक तरीके से शेयर किया जा रहा है.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »