टीवी की जानी मानी एक्ट्रेस सारा खान ने बकरीद (ईद-उल-अधा) 2026 के मौके पर सबसे पहले तो फैंस को बधाई दी. इसके बाद सारा ने इस फेस्टिवल को लेकर स्पिरिचुअल मैसेज शेयर किया. एक्ट्रेस जानवरों की बलि के खिलाफ हैं. उन्होंने ईद के आध्यात्मिक मायनों पर बात की. सारा का मानना है ईद-उल-अधा बस जश्न या रीति-रिवाज के बारे में नहीं है, बल्कि ईमान, दया और समर्पण को लेकर भी है.
सारा की ईद पर अपील
वीडियो में सारा ने मैसेज लिखा है- ईद-उल-अधा केवल सेलिब्रेशन, कपड़ों, खाना या रिवाजों को लेकर नहीं है. ये सबसे गहरे इमान की याद दिलाता है. पैगंबर इब्राहिम की कहानी हमें पूरी तरह से अल्लाह पर विश्वास करने, साफ नीयत, दिल की पवित्रता और खुदा के लिए अपनी सबसे प्यारी चीज को छोड़ने की हिम्मत सिखाती है. अल्लाह को मांस या खून की जरूरत नहीं है. अल्लाह हमारी तकवा (डर), दया और आदेश मानने की नीयत को परखता है.
सारा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वो ईद के दिन त्याग पर ध्यान देने की बजाय इस त्योहार को दया और उदारता के साथ मनाएं. एक्ट्रेस ने लिखा- इस ईद कुर्बानी का असली मतलब दया, दान, कृतज्ञता और जरूरतमंदों के साथ चीजों को शेयर करना है. इस फेस्टिवल को दया, भूखों को खिलाकर, बेसहारा लोगों की मदद कर, शांत और अच्छे इंसान बनने की मंशा के साथ मनाएं. सभी को ईद मुबारक. हम अपने ईगो को त्यागे और हमारा ईनाम एक साफ दिल हो.
सारा की इस अपील पर उन्हें लोगों का साथ मिला है. फैंस ने एक्ट्रेस को ईद की मुबारकबाद दी है. एक्ट्रेस पिछले साल दूसरे धर्म में शादी कर लाइमलाइट में आई थीं. उन्होंने एक्टर कृष पाठक संग हिंदू और मुस्लिम रीति रिवाजों से शादी की. वर्कफ्रंट पर सारा ने टीवी शो सपना बाबुल का- विदाई से एक्टिंग डेब्यू किया था. वो बिग बॉस 4 में नजर आई थीं. रियलिटी शो में उन्होंने अली मर्चेंट संग निकाह किया था. कुछ ही महीनों बाद सारा का तलाक हो गया था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क