'शर्म आई खुदपर', लेटेंट विवाद के बाद मां को मुंह नहीं दिखा पा रहे थे कॉमेडियन समय रैना

समय रैना का नया वीडियो लेटेंट विवाद के 14 महीने बाद रिलीज हुआ है. इसमें उन्होंने खुले दिल से बातें कही हैं, जो तेजी से वायरल हो गईं. कॉमेडियन ने बताया कि विवाद के बाद उनका हाल कितना बुरा था. साथ ही उनकी मां भी पूरी तरह टूट गई थीं. समय ने कहा कि वो शर्मिंदा थे.

Advertisement
मां को याद करके टूटे समय रैना (Photo: Screengrab) मां को याद करके टूटे समय रैना (Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 09 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:14 AM IST

स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना ने अपने नए यूट्यूब स्पेशल 'स्टिल अलाइव' से हलचल मचा दी है. इसमें उन्होंने अपने रियलिटी शो 'इंडिया गॉट लेटेंट' विवाद के बाद की स्थिति के बारे में खुलकर बात की है. विवाद के बारे में बताते हुए कॉमेडियन इमोशनल हो गए. उन्होंने आर्थिक नुकसान भी झेला. साथ ही उनके परिवार पर भी इसका असर पड़ा था.

समय रैना का नया वीडियो लेटेंट विवाद के 14 महीने बाद रिलीज हुआ है. इसमें उन्होंने खुले दिल से बातें कही हैं, जो तेजी से वायरल हो गईं. रणवीर इलाहाबादिया ने 'लेटेंट' के आखिरी एपिसोड में पेरेंट्स को लेकर भद्दी टिप्पणी की थी, जिसकी भारी आलोचना हुई और बड़ा विवाद खड़ा हो गया था. फरवरी 2025 में एपिसोड आने के बाद कॉमेडियन समय संग रणवीर और शो में मौजूद अन्य लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई थी. विवाद के बाद समय रैना ने यूट्यूब से 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के सभी एपिसोड डिलीट कर दिए थे. अब 'स्टिल अलाइव' में उन्होंने उस बुरे दौर के बारे बताया है.

Advertisement

मां को शक्ल दिखाने में आई शर्म

स्पेशल में समय रैना ने बताया कि विवाद ने उन्हें पर्सनल और प्रोफेशनल रूप से कितना प्रभावित किया. उन्होंने खुलासा किया कि उस दौरान वे लगभग 8 करोड़ रुपये गंवा बैठे थे. उन्होंने अपनी मेंटल हेल्थ के बारे में भी बात की. इस दौरान कॉमेडियन के वीडियो के कुछ हिस्से बेहद इमोशनल हो गए. कई पलों में कॉमेडियन की आंखें नम दिखीं. वीडियो का सबसे भावुक पल वो था जब समय अपनी मां के बारे में बात कर रहे थे. उस समय वे अमेरिका में थे. उनकी मां वीडियो कॉल कर रही थीं, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया, क्योंकि वे नहीं चाहते थे कि उनकी मां उन्हें तनाव में देखें.

समय रैना ने बताया, 'मेरी मां का वीडियो कॉल उस पल में सबसे बुरी चीज थी. किस मुंह से मैं कॉल उठाता? अपनी मां को क्या दिखाता? मैं यहां बैठकर रो रहा हूं, टूटा चुका हूं. उन पर क्या बीत रही होगी यार? मेरी मां को प्यार देने के अलावा कुछ नहीं आता. वो सबसे मासूम इंसान हैं, जिनसे मैं अभी तक मिला हूं. वो प्योर हैं. एकदम साफ दिल वाली महिला. मैंने आंसू पोंछे, ऑडियो में कॉल किया और कहा- हेलो. उन्होंने पूछा- तू ठीक है बेटा? मैंने कहा- हां मम्मी, मुझे क्या होगा? वो बोलीं- पक्का ना? मैंने कहा- हां मम्मी, ये सब तो होता रहता है यार. उन्होंने कहा- चलो, मेरा आशीर्वाद तुम्हारे साथ है. मैंने फोन काट दिया. दो सेकंड बाद उन्होंने बालराज को कॉल किया और मैंने फोन पर सुना. वे कह रही थीं- बेटा, प्लीज समय का ध्यान रखना, ये बिल्कुल भी ठीक नहीं है.'

Advertisement

टूट गई थी समय की मां

कॉमेडियन ने आगे कहा, 'उस समय मुझे खुद पर इतनी शर्म आई कि मैं किससे छिपा रहा हूं भाई. मैं क्यों छिपा रहा हूं? उन्हें मेरी बकवास से परे सबकुछ दिखता है. बाद में मैंने वीडियो कॉल किया और अपना चेहरा दिखाया. यार, मेरी मां पूरी तरह बिखरी हुई थीं. वे मुझे देखकर कांप रही थीं, रो रही थीं कि बेटा क्या हो गया. उनकी आंखें सूजी हुई थीं.'

स्पेशल रिलीज होने के बाद समय रैना को दर्शकों से जबरदस्त रिएक्शन मिल रहा है. उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर अपने फैंस को धन्यवाद दिया है. कॉमेडियन ने लिखा, 'मेरे नए स्पेशल स्टिल अलाइव को मिले रिस्पॉन्स से मैं अभिभूत हूं. आपने अपना समय और प्यार दिया, इसके लिए बहुत-बहुत शुक्रिया. मैं बेहद आभारी हूं. मैं आपसे प्यार करता हूं और फिलहाल मेरे पास इसके अलावा कोई शब्द नहीं है कि मैं आपकी इस मोहब्बत के लिए बेहद शुक्रगुजार हूं.'

समय रैना ने अपनी मां के साथ वीडियो कॉल का एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिसमें उनकी मां बेहद खुश और गर्व से मुस्कुरा रही थीं. फोटो में वे दोनों हाथ उठाकर मुस्कुरा रही हैं, जबकि समय भी मुस्कुराते हुए उन्हें देख रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »