टेलीविजन एक्टर-बीजेपी पॉलिटिशियन राहुल महाजन की लाइफ किसी फिल्मी कहानी जैसी लगती है. उन्होंने अपनी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं. सालों बाद राहुल महाजन ने पिता प्रमोद महाजन के निधन पर चुप्पी तोड़ी है. बुरे वक्त को याद करते हुए वो भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक गए.
राहुल महाजन का छलका दर्द
सुभोजित घोष के पॉडकास्ट पर राहुल महाजन ने अपनी लाइफ के जुड़े कई किस्से शेयर किए. उन्होंने कहा कि आज लोग पैपराजी को पैसा देकर खुद को कैप्चर कराते हैं. पर पहले ऐसा नहीं था. मुझे पैपराजी पर सबसे ज्यादा गुस्सा तब आया, जब मेरे पिता का निधन हुआ. उस वक्त हर कोई मेरा रिएक्शन लेना चाहता था. मुझे याद है कि जब मैं अपने पिता का अंतिम संस्कार कर रहा, तब 400 कैमरे लगे हुए थे.
राहुल महाजन कहते हैं कि जब मुझे पता चला कि मेरे पिता का निधन हो गया है, तब मैं हड़बड़ी में हॉस्पिटल से निकला. मेरे पिता की बॉडी वहां रखी हुई थी. मुझे इतना बुरा लगा कि मैं निकल रहा हूं और 15 कैमरे मेरे चेहरे पर लगे हुए हैं. उस वक्त मुझे बहुत तकलीफ हुई. 15-20 लोग मेरे मुंह के पास आकर मुझे कैप्चर कर रहे थे. जिसे-जितना अच्छा एक्सप्रेशन मिल रहा था, तो उतना मजा आ रहा था.
राहुल महाजन कहते हैं कि मैंने जिंदगी में बहुत बुरे दिन देखे हैं. मुझे बहुत मारा गया. बहुत तोड़ा गया है. जैसे लोहे को गर्म करके हथौड़ा मारते हैं. मुझे वैसे टॉर्चर किया गया है. लेकिन मैं अभी इस बारे में बात नहीं कर सकता. इस पर बात करते हुए राहुल महाजन की आंखों में आंसू आ गए और वो रो पड़े. वो कहते हैं कि पिता जी की डेथ के बाद मैंने बोला कि इससे बुरा क्या होगा. इस चक्कर में मैं एक महीने के अंदर तिहाड़ जेल भी पहुंच गया. मतलब ये है कि कुदरत आपको इससे भी बुरा दिखा सकती है. उसके बाद मेरी शादी भी हुई, तलाक भी हुआ. मैंने 365 दिन में सबकुछ देख लिया.
तीन बार हुआ तलाक
बता दें कि राहुल महाजन की तीन बार शादी हुई और उनके तीनों ही रिश्ते का अंत तलाक के साथ हुआ. उनकी पहली शादी श्वेता सिंह, दूसरी शादी डिंपी गांगुली और तीसरी शादी नतालिया इलीना संग हुई थी. तीन तलाक के बाद वो सिंगल लाइफ जी रहे हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क