बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान तीसरी शादी करने के बाद से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. गौरी स्प्रैट संग आमिर की तीसरी शादी पर जमकर बवाल हुआ. दूसरे धर्म की महिला संग शादी करने पर एक तरफ फतवा जारी हुआ, तो बजरंग दल ने एक्टर की शादी को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया. अब टीवी की बहुओं रुबीना दिलैक और हिना खान ने आमिर की तीसरी शादी पर अपनी राय दी है.
क्या बोलीं हिना और रुबीना?
हिना खान और रुबीना दिलैक अपने पतियों संग यूट्यूब पर अपने न्यू चैट शो 'POV' (पॉइंट ऑफ व्यू) पर स्टार्स की पर्सनल लाइफ पर डिस्कस करती नजर आती हैं. पहले एपिसोड में ये दोनों हसीनाएं एक्ट्रेस आकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना की शादी को जज करने की वजह से विवादों में आ गई थीं. अब दोनों बॉलीवुड एक्टर आमिर खान की गौरी स्प्रैट संग तीसरी शादी पर चर्चा करती नजर आईं.
हिना खान के पति रॉकी ये कहते दिखे कि कैसे गौरी स्प्रैट संग तीसरी शादी करने पर आमिर खान को आलोचना झेलनी पड़ी है. उन्होंने ये भी सवाल उठाया कि सेलिब्रिटी की पर्सनल लाइफ से लोगों की सोच पर असर पड़ता है. रॉकी की इस बात से रुबीना सहमत नजर आईं.
लेकिन हिना खान का मानना है कि समाज में आज भी कई लोग एक से ज्यादा शादियों को अच्छी नजर से नहीं देखते. वहीं रुबीना का कहना है कि किसी सुपरस्टार की पर्सनल लाइफ कभी-कभी आम जनता की राय को प्रभावित करती है और कभी-कभी इसका असर उनके प्रोफेशनल करियर पर भी पड़ता है. मगर हिना का कहना है कि किसी एक्टर की निजी जिंदगी का असर उनके करियर और सक्सेस पर बिल्कुल नहीं पड़ना चाहिए.
हिना-रुबीना में छिड़ी बहस
आमिर की तीसरी शादी पर हिना बोलीं-आम आदमी तो यही सोचेगा ना कि क्या यार फिर से शादी कर ली. इसको भी छोड़ दिया. हिना की इस बात पर रुबीना बोलीं- हम जज क्यों कर रहे हैं?
रुबीना की बात पर हिना ने अपनी राय देते हुए कहा- मैं दोबारा शादी करने के लिए उन्हें जज नहीं कर रही हूं... लेकिन हमारे समाज में शादी पे शादी पे शादी को बहुत अच्छा नहीं माना जाता है. इस पर रॉकी ने आगे कहा- शादी छोड़ो, हमारे यहां तो डिवोर्स ही अच्छा नहीं माना जाता है.
तलाक के बाद भी एक्स वाइफ किरण राव और रीना दत्ता संग दोस्ती बनाए रखने पर हिना ने आमिर की सराहना भी की. हिना ने इस बात को माना कि भले ही समय के साथ समाज अब ज्यादा समझदार हो गया और चीजों को एक्सेप्ट करने लगा है, लेकिन कई समुदायों में आज भी तलाक और एक से ज्यादा शादियों को अच्छी नजर से नहीं देखा जाता. अपने अलग-अलग विचारों के बावजूद, हिना और रुबीना दोनों इस बात पर सहमत हुईं कि आमिर एक अच्छे इंसान हैं. उन्होंने कहा कि तीसरी बार शादी करने के बाद भी लोग उन्हें उतना ही प्यार करते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क