बॉलीवुड और टीवी एक्ट्रेस डेलनाज ईरानी पिछले काफी वक्त से लाइमलाइट से दूर हैं. वो सोशल मीडिया पर तो एक्टिव हैं, मगर एक्ट्रेस किसी नए शो में नजर नहीं आ रहीं. डेलनाज ने अपने हालिया इंटरव्यू में पहली शादी पर बात की है. साल 2010 में उनका एक्टर राजीव पौल से तलाक हो गया था. डेलनाज ने कहा कि पहली शादी टूटने के बाद उन्होंने अपने पति से एलिमनी नहीं मांगी. वो कानूनी लड़ाई में ना फंसते हुए शांति चाहती थीं.
क्यों टूटी डेलनाज की पहली शादी?
डेलनाज ने द मेल फेमिनिस्ट से कहा, 'साल 2010 में हमारे तलाक को लेकर अखबारों-मैगजीन में अनाउंसमेंट हो गई थी. मगर हमारा रिश्ता उससे काफी पहले ही खत्म हो गया था. जब आप किसी इंसान से इमोशनली और मेंटली ऑफ हो जाते हैं, तो फिर वो दो अनजान बन जाते हैं. एक कपल होने के नाते हमारे बीच बहुत सारी बातचीत हुई कि ये नहीं हो पा रहा है या ये चीजें नहीं काम कर रहीं. रिश्तों में अक्सर लोग एक-दूसरे को हल्के में लेने लगते हैं. शायद मेरे साथ भी यही हुआ. मेरे पार्टनर मुझे बार-बार हल्के में लेते रहे. उन्हें शायद ये अहसास ही नहीं हुआ कि बात इतनी गंभीर हो जाएगी.'
'मेरी डिक्शनरी में तलाक जैसा शब्द ही नहीं था. मैं जिस परिवार से आती हूं – मिडल क्लास पारसी फैमिली. वहां मेरे मम्मी-पापा इतने सालों से साथ थे. मेरे नाना-नानी भी साथ थे. हमारे परिवार में कभी तलाक की बात सुनी तक नहीं थी, भले ही हम खुले विचारों वाले थे. इसका मतलब ये नहीं कि हम तलाक को हल्के में लेते थे. इमोशनली बहुत लंबे समय तक मुझे बहुत तकलीफ और परेशानी झेलनी पड़ी.'
डेलनाज ने याद किए मुश्किल दिन
डेलनाज आगे बताती हैं कि जब उनका राजीव पौल से तलाक हुआ, तो उन्होंने इसके बारे में अपने माता-पिता को काफी सालों तक नहीं बताया था. एक्ट्रेस ने बताया कि जब उनका तलाक हुआ, तभी उनके पिता को भी दिल का दौरा पड़ा. फिर अगले साल यानी 2011 में उनका निधन हुआ. डेलनाज ईरानी ने इसे अपना सबसे मुश्किल समय बताया.
जब डेलनाज से आगे ये पूछा गया कि उन्होंने अपने पति से एलिमनी क्यों नहीं ली? तो उन्होंने कहा, 'मुझे कभी कुछ नहीं मिला. तलाक बहुत खराब था क्योंकि एक इंसान को तलाक चाहिए था और दूसरे को नहीं. मैंने अपनी शांति को सबसे ऊपर रखा. आपको टूटते हुए टुकड़ों को उठाना पड़ता है और जिंदगी फिर से जीनी पड़ती है.'
डेलनाज ईरानी और राजीव पौल की शादी 1998 में हुई थी. उनका तलाक साल 2012 में जाकर फाइनल हुआ था. एक्ट्रेस को शाहरुख खान की फिल्म 'कल हो ना हो' के लिए पहचाना जाता है. वहीं टीवी पर उन्होंने कई कॉमिक सीरियल्स किए हैं जिसमें उन्हें काफी पसंद किया गया. अब डेलनाज डीजे परसी संग रिश्ते में हैं. दोनों काफी वक्त से रिलेशनशिप में हैं, मगर शादी नहीं करना चाहते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क