टेलीविजन एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ पिछले एक साल से भी ज्यादा समय से कैंसर से जूझ रही हैं. हाल ही में वो अपना दूसरा इम्यूनोथेरेपी सेशन करवा चुकी हैं. एक्ट्रेस ने अपने ट्रीटमेंट की अपडेट शेयर की है. ये भी बताया कि उनकी बीमारी का उनके बेटे पर भावनात्मक रूप से बड़ा असर पड़ा है.
मां की बीमारी से टूटा बेटा
अपने लेटेस्ट व्लॉग में शोएब इब्राहिम ने दीपिका की सेहत के बारे में बताया कि वो दूसरे इम्यूनोथेरेपी इन्फ्यूजन के लिए जा रहे हैं. शोएब ने कहा कि उन्हें ट्रीटमेंट के दौरान दीपिका को हॉस्पिटल में छोड़कर वापस घर जाना पड़ेगा, ताकि वो अपने बेटे रुहान के साथ रहें. वो कहते हैं कि आज दीपिका का दूसरा इन्फ्यूजन है और हम उसके लिए जा रहे हैं.
शोएब ने कहा कि रुहान आज बहुत चिड़चिड़ा था. पिछले एक महीने में वो ज्यादा समय दीपिका के साथ रहा है. अगर दीपिका का इन्फ्यूजन रात में होता है, तो मैं वापस घर जाकर उसके साथ रहूंगा. दीपिका कहती हैं कि इस एक महीने में रुहान भावनात्मक रूप से काफी नाजुक हो गया है. वो घर को कई दिनों तक खाली देख कर बहुत प्रभावित हुआ, उसे बहुत अकेलापन महसूस हुआ. जब हमने बताया कि हम आज जा रहे हैं, तो वो ठीक नहीं था. सुबह से वो बार-बार नहीं जाने के लिए बोल रहा था, लेकिन हम कोशिश कर रहे हैं कि हम में से कोई एक उसके साथ रहे.
कुछ महीने पहले दीपिका ने कहा था कि बीमारी की वजह से वो अपने बेटे को समय नहीं दे पा रही हैं. अप्रैल के एक व्लॉग में दीपिका ने कहा था, 'मेरे मन में बहुत सी चीजें चल रही हैं. मेरी बीमारी की वजह से शोएब कई चीजों में फंसे हुए हैं. मैं कभी-कभी रुहान को समय नहीं दे पाती, जिन दिनों मेरी थकान ज्यादा रहती है, मैं बस सो लेती हूं, अगर मैं अस्पताल में हूं, तो मैं रुहान के साथ नहीं रह सकती. जब आप बीमार होते हैं, तो चीजें बदल जाती हैं, रूटीन बदलता है, प्राथमिकताएं बदलती हैं, और शरीर को आराम को जरूरत होती है.'
बता दें कि मंगलवार को शोएब के पिता 37 दिनों के अस्पताल के इलाज के बाद घर लौटे. उन्हें 23 मई को ब्रेन हैमरेज के बाद भर्ती कराया गया था. व्लॉग में खुशखबरी शेयर करते हुए शोएब ने कहा, 'हम पापा को एक महीने और सात दिनों बाद घर ले जा रहे हैं. वो बेहतर हैं, लेकिन हमें बहुत सावधान रहना होगा. मैं भगवान का शुक्रगुजार हूं कि पापा घर जा रहे हैं.'
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क