लड़के से लड़की बनीं अनाया बांगड़ सोशल मीडिया के जरिए अपनी ट्रांसफोर्मेशन जर्नी शेयर करती रहती हैं. इसी बीच उनका एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें अनाया अपने जेंडर ट्रांसफोर्मेशन में आए चैलेंजेस पर बात कर रही हैं. उन्होंने इस दर्दनाक वीडियो में अपने साथ हुई एक घटना का भी जिक्र किया, जहां उन्हें अपने जेंडर का सबूत देना पड़ा.
अनाया कुछ महीनों पहले थाईलैंड गई थीं, जहां उन्होंने अपनी जेंडर-अफर्मिंग (वैजिनोप्लास्टी) सर्जरी कराई थी. इसके लिए उन्होंने काफी दर्द झेला था. ये पल अनाया बांगड़ के लिए काफी इमोशनल था क्योंकि उनके पिता संजय बांगड़ इसमें उनके साथ खड़े थे. लेकिन हाल ही में उन्हें ट्रांस बिल एक्ट के तहत अपने लड़की होने का सबूत देना पड़ा, जिसके लिए उन्हें डॉक्टर्स की कुछ टीम के सामने कपड़े उतारने पड़े. इस पूरे दर्दनाक एक्सपीरियंस को अनाया ने खुलकर शेयर किया.
ट्रांस बिल के तहत हुई जांच
अनाया ने कहा- हाल ही में ट्रांसजेंडर बिल एक्ट होने के बाद, उसकी प्रक्रिया पूरी करने के लिए मुझे एक सरकारी अस्पताल में मेडिकल बोर्ड के सामने जाना पड़ा. वहां मुझसे अपने कपड़े उतारने के लिए कहा गया, ताकि डॉक्टर मेरे पूरे शरीर की जांच कर सकें. उस कमरे में कई डॉक्टर मौजूद थे, जिनमें पुरुष डॉक्टर भी शामिल थे.
'इस जांच के दौरान मेरी एक गायनेकोलॉजिकल जांच भी की गई. उस वक्त मैं यही सोच रही थी कि आखिर मुझे अपनी पहचान साबित करने के लिए अपने शरीर का सबूत क्यों देना पड़ रहा है? सिर्फ इसलिए कि कागजों पर मुझे वही पहचान मिल सके, जो मैं वास्तव में हूं. ये पूरा अनुभव मेरे लिए बहुत असहज और निजी सीमा में दखल देने वाला था. उस समय मैं खुद को बेहद असुरक्षित और बेबस महसूस कर रही थी.'
अनाया हुईं इनसिक्योर
अनाया ने आगे कहा- मैं ये बात इसलिए साझा कर रही हूं, क्योंकि बहुत से लोगों को नहीं पता कि इस प्रक्रिया से गुजरना कितना मुश्किल हो सकता है. मेरी उम्मीद है कि हम सभी इस बात पर सहमत होंगे कि किसी व्यक्ति को कानूनी पहचान देते समय उसकी गरिमा और सम्मान का पूरा ख्याल रखा जाना चाहिए.
अनाया बांगड़ के इस खुलासे से कई ट्रांसवुमन उनके समर्थन में खड़ी दिखीं. सभी ने उनके साथ हुई इस प्रक्रिया पर अफसोस जताया. उन्होंने कहा कि अनाया को अपने जेंडर का सबूत देने के लिए जिस चीज से गुजरना पड़ा, उसके लिए उन्हें काफी दुख हो रहा है. हालांकि अनाया ने खुद ये भी साफ किया कि ये पूरी प्रक्रिया उनकी मर्जी से हुई है, क्योंकि अगर वो ऐसा ना करतीं तो उन्हें वो पहचान नहीं मिलती जिसके लिए वो इतना स्ट्रगल कर रही हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क