'वड़ा पाव गर्ल' के नाम से मशहूर चंद्रिका दीक्षित का उनके पति युगम गेरा संग पैचअप हो गया है. कुछ समय पहले दोनों के रिश्ते में दूरियां आ गई थीं. लेकिन अब वो अपने बीच के गिले-शिकवे मिटाकर फिर से एक हो गए हैं.
चंद्रिका ने पति युगम पर उन्हें धोखा देने का आरोप लगाया था. चंद्रिका ने दावा किया था कि उनके पति के कई महिलाओं संग रिश्ते हैं. मगर बाद में युगम ने माफी मांग ली थी और दोनों फिर से एक हो गए.
अब चंद्रिका ने अपने पति के एक्स्ट्रामैरिटल अफेयर्स पर बात की है. उन्होंने कहा कि पति को उन्होंने माफ कर दिया है, लेकिन उनके दिए हुए जख्म वो भूली नहीं हैं.
यूट्यूब पर 'द ममता पॉडकास्ट' में चंद्रिका से पूछा गया कि क्या उन्होंने पति के अफेयर्स माफ कर दिए? इसपर उन्होंने कहां- हां, लेकिन चीजें दिमाग से नहीं निकलती हैं. उसे छोड़ दूंगी, तो लोग मुझपर ही इल्जाम लगाएंगे कि किसी और के साथ चली जाएगी.
'मैं काम में इतनी ज्यादा बिजी थी कि उसने दूसरी लड़कियों संग बातें करनी शुरू कर दी थीं. लेकिन मैं आज भी उसके घर में हूं, उसके बच्चे की मां हूं, उससे प्यार करती हूं.'
'लेकिन मैं ये मानती हूं कि मेरा दिल टूटा है, मैं रोई, क्योंकि मैं बहुत ईमानदार हूं. मुझे इंस्टा पर बहुत मैसेज आते हैं, लेकिन मैं कभी किसी लड़के को जवाब नहीं देती. मुझे नहीं लगता कि मेरे पति की कमी कोई और दूर कर सकेगा.'
'हां, मेरा दिल दुखा है, क्योंकि मेरे पति ने कहा था कि चंद्रिका से बात करने का अब मन नहीं करता. ये पहले जैसी नहीं रही. बस काम करती रहती है. तो दिल दुखता है.'
चंद्रिका आगे इमोशनल हो कर बोलीं- मैंने रिश्तों में बहुत धोखे खाए हैं. मुझे अब बस काम करना है. मैं अपने बेटे को लेकर पागल हूं. पति को लेकर मैं इतनी लॉयल हूं कि मैं मर जाऊंगी लेकिन किसी और के साथ नहीं जाऊंगी.
चंद्रिका ने ये भी कहा कि जब वो अपनी जिंदगी में मुश्किल दौर से गुजर रही थीं, तब उनके पति ने ही उनका साथ दिया था. इसलिए वही सोचकर उन्होंने अपने पति को माफ कर दिया है.
चंद्रिका से ये भी पूछा गया कि क्या उन्होंने व्यूज के लिए तलाक और पर्सनल लाइफ को सोशल मीडिया पर दिखाया? इसपर चंद्रिका ने कहा कि वो पिछले 4 साल से कंटेंट बना रही हैं. उन्हें किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं है.
(All Photo: Instagram @chandrika.dixit)