शाहिद कपूर की फिल्म कबीर सिंह ने महज 5 दिन में बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. फिल्म जल्द ही 150 करोड़ की कमाई कर लेगी. तमाम विवादों के बाद भी फिल्म को अच्छा फायदा मिल रहा है. बताया जा रहा है कि फिल्म हिंसा और नारी द्वेष को बढ़ावा दे रही है. इसी वजह से कबीर सिंह की आलोचना की जा रही है. कई लोगों ने तो फिल्म को देखने तक से मना कर दिया है. अब शाहिद की मां नीलिमा अजीम और भाई ईशान खट्टर एक्टर के बचाव में आए हैं.
ईशान ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की थी. इस पोस्ट में ईशान ने शाहिद को फिल्म की सक्सेस के लिए बधाई दी है. इस पर एक यूजर ने लिखा- "Sweet justification to misogyny, naice, very naice."
इस पर ईशान ने रिप्लाई किया- नहीं, वास्तव में यह बिल्कुल विपरीत है. ये एक अच्छे इंसान और एक्टर की सराहना करते हुए पोस्ट है. फिल्म की बात करूं तो ये सिर्फ एक सिनेमा है. हर किसी की एक राय होनी चाहिए. मैं आपसे सहमत नहीं हूं.
वहीं शाहिद कपूर की मां ने लिखा- दोस्तों हमें समझने की ज़रूरत है कबीर सिंह एक ऐसी फिल्म है जो A सर्टिफिकेट वाली मूवी है. शानदार परफॉर्मेंस के साथ ग्रेट फिल्म...हमारी यंग जेनरेशन रील और रियल लाइफ के बीच के अंतर को समझने के लिए बुद्धिमान हैं. फिल्म के नेरेटिव और म्यूजिक की सराहना करिए.
कबीर सिंह ने इस साल रिलीज हुई अक्षय कुमार, अजय देवगन, रणवीर सिंह की फिल्मों के मुकाबले 1 हफ्ते में ज्यादा कमाई कर ली है. कबीर सिंह ने जहां 6 दिन में ही 120.81 करोड़ कमा लिए हैं, वहीं केसरी ने 8 दिन में 105.86, गली बॉय ने 8 दिन में 100.30 और टोटल धमाल ने 7 दिन में 94.55 करोड़ कमाए थे.
aajtak.in