'लॉक अप 2' में गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा का दमदार अंदाज अब टूटता नजर आ रहा है. शो में एंट्री के वक्त बिंदास अंदाज दिखाने वाली सुनीता अब इमोशनल ब्रेकडाउन का शिकार हो गई हैं. हालत ऐसी हो गई कि उन्होंने खाना खाने से इनकार कर दिया, शो छोड़ने की जिद पकड़ ली और रोते-रोते पति गोविंदा की बात याद करने लगीं.
रातभर भूखी रहीं, सुबह होते ही फूट पड़ा गुस्सा
शो में खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि सुनीता आहूजा रात को खाली पेट ही सो गईं. अगली सुबह उनका गुस्सा फूट पड़ा.
उन्होंने गुस्से में कहा- तुम लोगों के साथ अच्छे से रह रही हूं. अपनी औकात नहीं दिखा रही हूं तो इसका मतलब ये नहीं कि फुटेज के लिए इतना मरवाओगे कि इंसान भूल जाए क्या चल रहा है. मेरे को आज ही जाना है यहां से. बस हो गया. मेरे को चीची मना कर रहा था कि मत जा, मत जा. जब-जब उसकी बात नहीं मानी ना, मैं पछताई हूं. ये कहते-कहते वह भावुक हो गईं और रोने लगीं.
'सूप का टेस्ट गाय के टॉयलेट जैसा'
सुनीता का गुस्सा यहीं नहीं रुका. उन्होंने शो में दिए जा रहे खाने पर भी जमकर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा- क्या अब हमें खाने के लिए भी भीख मांगनी पड़ेगी? तुम सबको मेरे साथ खड़ा होना चाहिए. मेरे बच्चे भी भूखे हैं. इस सूप का टेस्ट गाय के पेशाब जैसा है. इसमें थोड़ी 'शिट' भी मिली हुई है. उनके इस बयान ने पूरे घर का माहौल गरमा दिया.
टास्क खेलने से किया इनकार
इसके बाद मेकर्स ने कंटेस्टेंट्स के लिए एक टास्क रखा, जिसमें सवालों के जवाब देकर नाश्ता जीतना था. लेकिन सुनीता ने साफ मना कर दिया. उन्होंने कहा कि उन्हें कोई टास्क नहीं खेलना, वो सिर्फ घर जाना चाहती हैं. उन्होंने नाश्ता भी नहीं किया और यहां तक कह दिया कि अगर शो छोड़ने का यही तरीका है तो वो बीमार पड़ना पसंद करेंगी.
सुनीता ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा- क्या उन्हें लगता है कि हम कचरा हैं? इस दौरान एक्टर राम कपूर ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वो किसी की बात सुनने के मूड में नहीं थीं.
रितेश देशमुख के सामने रो पड़ीं
जब शो के होस्ट रितेश देशमुख कंटेस्टेंट्स से मिलने पहुंचे तो सुनीता ने उनके सामने भी शो छोड़ने की इच्छा जाहिर कर दी. उन्होंने भावुक होकर कहा- रितेश मुझसे ये गेम नहीं खेला जाएगा. पहले भी मुझे इतनी जोर से लग गया था ना. मुझे जोर से इमोशनल ब्रेकडाउन हो रहा है. तो मैं रिक्वेस्ट कर रही थी कि अगर मुझे शो से एविक्ट कर सकें तो.
इतना कहते ही सुनीता फूट-फूटकर रोने लगीं. रितेश देशमुख ने उन्हें गले लगाया और शांत कराने की कोशिश की.
गोविंदा ने पहले ही किया था मना
दिलचस्प बात ये है कि शो में आने से पहले ही गोविंदा ने सुनीता को 'लॉक अप 2' में हिस्सा लेने से मना किया था. खुद सुनीता ने पहले बताया था कि गोविंदा को डर था कि वो शो के माहौल में इमोशनली टूट जाएंगी.
गोविंदा ने उनसे कहा था- मैं ने अपनी बीवी को फूल की तरह पाला है. उसको अंदर किसी ने दुख दे दिया तो वो रोने लगेगी. हालांकि उस वक्त सुनीता ने दावा किया था कि वो मानसिक रूप से मजबूत हैं और हर चुनौती का सामना कर लेंगी. लेकिन अब शो के अंदर उनका इमोशनल ब्रेकडाउन इस सीजन के सबसे चर्चित पलों में से एक बन गया है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क