KGF स्टार यश की अगली फिल्म टॉक्सिक, 2026 की उन फिल्मों में से एक है जिनका इंतजार जनता टकटकी लगाए कर रही है. पर इस फिल्म का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है. 4 जून को टॉक्सिक के आने का इंतजार किया जा रहा था. लेकिन यश ने एक बार फिर अपनी फिल्म की रिलीज डेट टलने की अनाउंसमेंट शेयर की है.
उनका कहना है कि वो ग्लोबल रिलीज के लिए बनी अपनी फिल्म ऐसे समय लाना चाहते हैं, जब ये वही धमाका कर सके जिसकी प्लानिंग उन्होंने की है. टॉक्सिक का इंतजार कर रही जनता का दिल फिर से थोड़ा टूटा है, एक्साइटिंग फिल्म का टलना फैन्स को तो थोड़ा हर्ट करता ही है. लेकिन असल में फिलहाल रिलीज टलना और सही समय पर आना टॉक्सिक को बड़ा फायदा पहुंचा सकता है.
तीसरी बार टली टॉक्सिक
तीन साल पहले अनाउंस हुई टॉक्सिक पहले 10 अप्रैल 2025 को रिलीज होनी थी. शूट में हुई देरी के चलते फिल्म लेट हुई और मेकर्स ने 19 मार्च 2026 की डेट बुक की. फिल्म का प्रमोशन वगैरह शुरू हुआ ही था कि रणवीर सिंह की धुरंधर 2 ने भी 19 मार्च की तारीख पकड़ ली. क्लैश का तगड़ा माहौल बनने लगा. फैन्स में रणवीर वर्सेज यश और बॉलीवुड वर्सेज साउथ की होड़ शुरू हो गई. यश सिर्फ टॉक्सिक के हीरो ही नहीं, प्रोड्यूसर भी हैं.
उधर मिडल ईस्ट में लड़ाई छिड़ गई, जहां से इंडियन फिल्मों की तगड़ी कमाई होती है. धुरंधर 2 वहां रिलीज होनी ही नहीं थी और सारा रिस्क टॉक्सिक के हिस्से आ गया. क्लैश में दम दिखाने वाले ईगो को किनारे रखकर यश ने फिल्म टाली और 4 जून की तारीख अनाउंस कर दी. उधर यश अपने अगले धमाकेदार प्रोजेक्ट रामायण का प्रमोशन भी शुरू कर चुके हैं. इसमें वो रावण का रोल करने के साथ-साथ को-प्रोड्यूसर भी हैं.
दुनिया के सबसे बड़े फिल्म ट्रेड इवेंट सिनेमाकॉन 2026 में, रामायण प्रमोट करने के साथ ही यश ने सोलो फिल्म टॉक्सिक भी आगे बढ़ाई. मीडिया रिपोर्ट्स, इंटरनेशनल सिनेमा इन्फ्लुएंसर्स की कवरेज और यश के अपने स्टेटमेंट बताते हैं कि इंटरनेशनल फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स और फिल्म प्रदर्शकों में टॉक्सिक को लेकर काफी एक्साइटमेंट है. ये यश के ग्लोबल धमाके के लिए फायदेमंद हो सकता है.
फिल्म टालने की अनाउंसमेंट वाले नोट में यश ने लिखा— ऐसे समय में जब इंडियन सिनेमा अपनी वॉइस खोज रहा है और ग्लोबल स्टेज पर आगे बढ़ने का वादा कर रहा है, तो हम सब पर लेवल ऊंचा करने की जिम्मेदारी है. एक एक्टर-प्रोड्यूसर के तौर पर मैं इस मोमेंट को इंडियन सिनेमा और हम सबके लिए ऐसे मौके की तरह देख रहा हूं. हम थोड़ा सा वक्त लेकर ये पक्का कर सकते हैं कि हमारी फिल्म उस असरदार तरीके से पहुंचे जिसकी उम्मीद हम कर रहे हैं.'
टॉक्सिक को टलने से हो सकता है फायदा
2026 में सिर्फ इंडियन सिनेमा ही नहीं, ग्लोबल सिनेमा का कैलेंडर भी काफी पैक है. एक के बाद एक बड़े प्रोजेक्ट्स धमाका करने के लिए तैयार हैं. ऐसे में हर फिल्म को ज्यादा से ज्यादा स्क्रीन्स और शोज के लिए बड़ी लड़ाई लड़नी पड़ रही है. जिस भी फिल्म के मेकर्स को अपनी फिल्म पर पूरा भरोसा है वो चाहेगा कि उसकी फिल्म को दुनिया भर में ज्यादा से ज्यादा दिखाया जाए. इसके लिए अपनी फिल्म ऐसे समय पर लाना जरूरी है जब कम से कम दो हफ्ते इसे बॉक्स ऑफिस पर, बिना किसी बड़ी टक्कर के टिकने का मौका मिले. ऐसा करने के लिए समय लेना फायदेमंद साबित होता है. इंडिया में ही तीन फिल्में ये बात साबित कर चुकी हैं.
विक्की कौशल की छावा, पहले 6 दिसंबर 2024 को आने वाली थी. लेकिन जब पुष्पा 2 ने 5 दिसंबर 2024 की रिलीज डेट अनाउंस की, तो छावा के मेकर्स ने अपनी फिल्म 14 फरवरी 2025 के लिए खिसका दी. विक्की की फिल्म ने इंडिया में 600 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन किया, जो पुष्पा 2 के साथ क्लैश होने पर नहीं हो पाता क्योंकि खुलकर स्क्रीन्स नहीं मिलतीं.
धुरंधर 2 के ठीक सामने, 19 मार्च 2026 को हॉलीवुड फिल्म प्रोजेक्ट हेल मैरी भी शेड्यूल थी जिसके लिए भारत में सॉलिड माहौल बन रहा था. रणवीर की धमाकेदार फिल्म के बीच ही 10 अप्रैल के लिए अक्षय कुमार की भूत बंगला भी शेड्यूल थी. जो हॉरर-कॉमेडी जॉनर में प्रियदर्शन के साथ कमबैक भी थी और जनता इसका इंतजार भी कर रही थी. धुरंधर 2 के तूफान से बचने के लिए दोनों फिल्मों ने अपनी रिलीज एक-एक हफ्ते आगे खिसकाई. अब 26 मार्च को आई हॉलीवुड फिल्म प्रोजेक्ट हेल मैरी और 17 अप्रैल को आई बॉलीवुड फिल्म भूत बंगला, दोनों इंडिया में बड़ी हिट्स बन चुकी हैं.
टॉक्सिक के लिए इंडियन जनता में तो पॉजिटिव माहौल है ही, इंटरनेशनल सिनेमा लवर्स में भी इसके लिए हलचल नजर आ रही है. यश को KGF के बाद से ही फैन्स का तगड़ा सपोर्ट हासिल है, जो टॉक्सिक के टलने के बावजूद बहुत ज्यादा नहीं हिलने वाला. देखना बस ये है कि अभी तक टॉक्सिक की कहानी छुपाते आ रहे यश, नई रिलीज डेट और फिल्म के प्रोमोज से कितनी एक्साइटमेंट क्रिएट कर पाते हैं. अगर वो अपने इरादे में कामयाब हुए, तो टॉक्सिक इंडियन सिनेमा के लिए एक ग्रैंड हिट साबित होगी.
सुबोध मिश्रा