महाराष्ट्र में मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर 5 राउंड फायरिंग हुई. महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने देर रात टाइगर के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की. एक्टर से मिलने के बाद डिप्टी CM ने बताया कि एक्टर के दाएं हाथ पर बारूद से जलने के निशान हैं. टाइगर की BMW पर पांच राउंड फायरिंग की गई थीं. हालांकि, उन्हें गोली नहीं लगी.
फायरिंग में टाइगर के ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो चालक घायल हुए हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हमलावरों की पहचान और तलाश की जा रही है. पुलिस ने पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है.
टाइगर के घर पहुंचे डिप्टी CM, परिवार को सुरक्षा का दिया भरोसा
डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात के बाद बताया कि एक्टर के दाएं हाथ पर बारूद से जलने के निशान हैं. उन्होंने कहा कि एक्टर और उनका परिवार घटना से चिंतित हैं. परिवार ने शिंदे को बताया कि उनकी किसी से दुश्मनी या विवाद नहीं है.
शिंदे ने कहा कि मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार अभिनेता के परिवार के साथ हैं. उन्होंने भरोसा दिया कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
शिंदे ने कहा कि मुंबई में किसी गिरोह या व्यक्ति को डराने-धमकाने और गुंडागर्दी करने की इजाजत नहीं दी जाएगी. किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस घटना को गंभीरता से लिया है. शिंदे ने फिल्मी हस्तियों से अपील की कि धमकी भरे कॉल मिलने पर वे तुरंत पुलिस को सूचना दें.
'मुंबई में फिर गैंगवॉर नहीं होने देंगे'
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई में 1990 के दशक में गैंगवॉर पर लगाम लगाई गई थी. अब उसे दोबारा शुरू नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार और पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती से बात की. उन्होंने पुलिस प्रमुख से घटना की जानकारी ली और हमलावरों को जल्द पकड़ने, जांच तेज करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए. फडणवीस ने टाइगर श्रॉफ से भी बात की.
मिली जानकारी के मुताबिक, तीन लोग बाइक पर आए थे. इनमें से दो ने फायरिंग की, जबकि तीसरा बाइक पर बैठकर उनके भागने में मदद करने के लिए इंतजार कर रहा था. घटना के बाद सामने आए एक वीडियो में एक व्यक्ति कई राउंड फायरिंग करता दिखाई देता है. वीडियो में दूसरा व्यक्ति भी गोली चलाने की कोशिश करता नजर आता है. इसके बाद दोनों बाइक पर सवार होकर भागते दिखाई देते हैं. इन घटनाओं और वीडियो की पुलिस जांच कर रही है.
इंडिया टुडे से बात करते हुए एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि फायरिंग से करीब आधे घंटे पहले संदिग्ध लोग एक वड़ा पाव की दुकान के पास दिखाई दिए थे. दो लोगों ने गोली चलाई, जबकि तीसरा भागने में मदद करने के लिए बाइक के पास था. वे पुरानी पल्सर बाइक पर सवार थे.
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि फायरिंग के समय टाइगर ड्राइवर के पास आगे वाली सीट पर बैठे थे. एक प्रत्यक्षदर्शी ने यह भी दावा किया कि ड्राइवर को घायल होने के बाद पीछे की सीट पर बैठाया गया और टाइगर कार चलाकर अस्पताल ले गए. इसका वीडियो भी सामने आया है.
लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के नाम पर सोशल मीडिया पोस्ट
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें अनिल पंडित और हरमन संधू नाम के लोगों ने लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया. रिपोर्ट के मुताबिक, ये लोग विदेश में रह रहे हैं. जांच एजेंसियां हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगा रही हैं.
यह भी पढ़ें: बाजू और सीने पर चोट के निशान... कार फायरिंग के बाद टाइगर श्रॉफ की पहली तस्वीर आई सामने
पुलिस मामले की जांच कर रही है. एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. अधिकारी हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं. एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई में किसी को भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी. उन्होंने अभिनेता और उनके परिवार की सुरक्षा का भरोसा देते हुए कहा कि इस घटना में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
aajtak.in