तमिल सिनेमा के सेंसेशनल स्टार थलपति विजय अब तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बन चुके हैं. 10 मई को सीएम पद की शपथ लेकर उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की. विजय के इस अहम पर दिन उनका परिवार भी समारोह में मौजूद रहा. विजय के सीएम बनने पर उनके पिता की आंखों में खुशी से आंसू दिखे.
इमोशनल हुए विजय थलपति के पिता
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें विजय के पिता एस.ए. चंद्रशेखर अपने बेटे की बड़ी उपलब्धि पर इमोशनल होते दिखे. इस दौरान वो अपने पुराने आर्थिक संघर्षों को याद करते नजर आए.
दरअसल, विजय के सीएम पद की शपथ लेने के बाद उनके पिता और फिल्ममेकर-एक्टर एस.ए. चंद्रशेखर ने मीडिया से बात की. उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि उनका बेटा तमिलनाडु का मुख्यमंत्री (CM) बन गया है. इसके साथ ही उन्होंने वो समय भी याद किया, जब 1974 में अपने बेटे के जन्म के बाद वो एक फिल्ममेकर और अभिनेता होने के बावजूद संघर्ष कर रहे थे.
समाचार एजेंसी संग बातचीत में विजय के पिता बोले- मुझे अब और क्या ही चाहिए? मेरे बेटे ने मेरा सपना पूरा कर दिया है. मेरी शादी 1973 में हुई थी और विजय का जन्म 1974 में हुआ था. जब वो पैदा हुआ, तब मैं एक असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम करता था और मुझे खाने तक के लिए संघर्ष करना पड़ा था. उसे सब कुछ याद था.
खुशी से चहकीं विजय की मां, दोस्त तृषा
बता दें कि विजय के शपथ ग्रहण समारोह में उनकी खास दोस्त तृषा कृष्णन भी शामिल हुईं. उन्होंने मीडिया संग बातचीत में अपनी खुशी जाहिर की थी और विजय को मुख्यमंत्री बनने पर ढेरों बधाई दी. इस ऐतिहासिक पल में विजय की मां भी काफी भावुक नजर आईं. उन्होंने कहा कि विजय ने उन्हें मदर्स डे पर बेस्ट गिफ्ट दिया है. हालांकि, दुख की बात यह है कि विजय की जिंदगी के सबसे अहम दिन उनके बच्चे, जेसन और दिव्या समारोह में मौजूद नहीं थे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क