'बिग बॉस' के घर में शुरू हुई मोहब्बत की कहानियां अक्सर शो खत्म होने के बाद भी सुर्खियों में बनी रहती हैं. ऐसी ही एक कहानी थी बॉलीवुड एक्ट्रेस तनीषा मुखर्जी और अरमान कोहली की, जिनके रिश्ते ने 'बिग बॉस 7' के दौरान खूब चर्चा बटोरी थी. घर के अंदर दोनों की नजदीकियां बढ़ीं, साथ वक्त बिताने और एक-दूसरे का साथ देने की उनकी केमिस्ट्री ने दर्शकों का ध्यान खींचा. शो के बाद भी दोनों के अफेयर की खबरें लंबे समय तक आती रहीं. लेकिन अब तनीषा ने शो में अपने अनुभव को लेकर जो बातें बताई हैं, उनसे उनके और अरमान के रिश्ते को लेकर एक नई बहस छिड़ सकती है.
गेल खेलते हैं बिग बॉस!
तनीषा के मुताबिक, 'बिग बॉस' के घर में कंटेस्टेंट्स को कई बार ऐसी मुश्किल परिस्थितियों में रखा जाता है, जहां वे एक-दूसरे के करीब आने लगते हैं. उनका कहना है कि एक साथ परेशानियों का सामना करने से लोगों के बीच भावनात्मक जुड़ाव पैदा हो सकता है, जिसे वे असली प्यार समझ बैठते हैं. तनीषा ने अपने अनुभव को याद करते हुए बताया कि उस वक्त वह काफी मासूम थीं और शो में आने से पहले उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि वहां के माहौल का उन पर कितना असर पड़ सकता है.
अरमान के साथ बढ़ीं नजदीकियां, बाद में समझ आया रिश्ते का असर
तनीषा ने बताया कि अरमान के साथ रहना उनके लिए आसान था, क्योंकि उनमें फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा एक अलग अंदाज था. एक्ट्रेस का आरोप है कि शो में परिस्थितियां इस तरह बनीं कि दोनों को एक-दूसरे के साथ वक्त बिताने और बातचीत करने का मौका मिला. तनीषा ने अपने अनुभव को 'ट्रॉमा बॉन्डिंग' से जोड़ते हुए कहा कि मुश्किल हालात में साथ रहने से पैदा हुई भावनाएं हमेशा वास्तविक रिश्ते की पहचान नहीं होतीं. हालांकि, उन्होंने यह नहीं कहा कि अरमान के लिए उनकी हर भावना झूठी थी, बल्कि वह उस माहौल के मनोवैज्ञानिक असर पर बात कर रही थीं.
एक्ट्रेस के मुताबिक, शो से बाहर आने के बाद उन्हें अपने अनुभवों और मानसिक स्थिति को समझने में करीब छह महीने लगे. उन्होंने यह भी बताया कि इस दौर से उबरने के लिए उन्हें मनोचिकित्सक की मदद लेनी पड़ी. 'बिग बॉस 7' के दौरान तनीषा और अरमान का रिश्ता लगातार सुर्खियों में रहा था. शो खत्म होने के बाद भी दोनों के डेटिंग की खबरें आती रहीं, लेकिन साल 2014 में उनके रिश्ते के खत्म होने की खबर सामने आई. अब तनीषा के इन खुलासों ने एक बार फिर उनके और अरमान के चर्चित अफेयर को चर्चा में ला दिया है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क