नेपाल में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म ‘उड़ता तीर’ को बैन कर दिया गया है. नेपाल में फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी गई है. सूचना एवं संचार मंत्रालय ने फिल्म वितरण कंपनी नेशनल सिने ग्रुप को चिट्ठी लिखकर बताया कि फिल्म को नेपाल में रिलीज करने की अनुमति नहीं दी गई है.
आकाश कौशिक के निर्देशन में बनी यह फिल्म इसी शुक्रवार से सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी. हालांकि, मंत्रालय की ऑडियो-विडियो और टेलीकास्ट शाखा ने कहा कि फिल्म का कंटेंट इस तरह है कि जिन्हें निर्माण, प्रदर्शन एवं वितरण अधिनियम, 2026 की धारा 8 (3) के तहत प्रतिबंधित किया गया है. इसी प्रावधान के अनुसार फिल्म को सार्वजनिक प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जा सकती.
बताया जा रहा है कि फिल्म में घुमा-फिराकर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की कहानी पेश की गई है. इसी वजह से केंद्रीय फिल्म जांच समिति ने इसके सार्वजनिक प्रदर्शन पर रोक लगा दी है. नेपाल में किसी भी देश की राष्ट्रीयता या वहां के समुदाय पर सीधे असर डालने वाली फिल्मों के प्रदर्शन पर रोक लगाने का प्रावधान मौजूद है.
उड़ता तीर दरअसल करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी एक स्पाई फिल्म है, जिसमें आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, गुलशन ग्रोवर, राम कपूर जैसे सितारे हैं.
फिल्म उड़ता तीर की कहानी एक पाकिस्तानी एजेंट की है, जो इंडिया में तो एंट्री मार चुका है लेकिन एक हादसे के चलते अपनी याददाश्त भूल गया है. उसे अब पाकिस्तान से नहीं, इंडिया से लगाव हो गया है. वो भारत का देशभक्त एजेंट बनकर पाकिस्तान के आतंकवादी और खूफिया एजेंट्स को पकड़ रहा है.
पंकज दास