फिल्ममेकर एस.एस. राजामौली का साउथ सिनेमा का नसीब बदलने में एक अहम रोल रहा है. साल 2015 में आई उनकी फिल्म बाहुबली द बिगनिंग, नॉर्थ इंडिया में भीड़ जुटाने में कामयाब हुई थी. इसे हर तरफ इतना पसंद किया गया कि जब इसका दूसरा पार्ट फिल्म बाहुबली द कॉन्क्लूजन, तब इसने इंडियन बॉक्स ऑफिस समेत वर्ल्डवाइड भी ताबड़तोड़ कमाई की.
राजामौली की फिल्म बाहुबली का असर इतना तगड़ा हुआ कि फिल्म के लीड हीरो प्रभास रातोंरात पैन-इंडिया स्टार बन गए. उनके फैंस साउथ के बाद नॉर्थ में भी बढ़ने लगे. उन्हें एक ही झटके में इतनी सक्सेस मिल गई कि उससे उनकी तबीयत बिगड़ गई. हाल ही में बाहुबली की पूरी टीम नेटफ्लिक्स पर अपनी मेगा-ब्लॉकबस्टर फिल्म पर एक डाक्यूमेंट्री लेकर आई है.
बाहुबली की सक्सेस पर बोले प्रभास
इसमें प्रभास ने बताया है कि बाहुबली की सक्सेस ने उनकी रातों की नींद बिगाड़ दी थी. इसका असर उनके करियर और फिल्म चॉइस पर भी पड़ा था. प्रभास ने बाहुबली के बाद आई अपनी फिल्मों का जिक्र करते हुए कहा- मेरी फिल्म साहो का फर्स्ट डे कलेक्शन नॉर्थ में 26 करोड़ रुपये था. ये आंकड़े मेरे लिए काफी हैरान करने वाले थे.
'ये सबकुछ बाहुबली की वजह से हुआ था, इसके अलावा और कुछ नहीं. मेरी किसी भी भाषा की फिल्म का ओपनिंग डे कलेक्शन सिर्फ बाहुबली की वजह से ही संभव हो पाया. मेरी फिल्म साहो, राधे श्याम में शिप वाला सीन और उसके बाद मैंने जितनी फिल्में बनाईं, उसमें जो भी पैसा लगा वो सबकुछ बाहुबली की वजह हो पाया था.'
प्रभास ने बताया कि बाहुबली फिल्म की सक्सेस ने उनकी फिल्मों के बजट के रास्ते खोल दिए थे. जहां पहले उनकी फिल्में 20-40 करोड़ में बनकर सिमट जाती थीं, वो एकदम से 100 करोड़ के बजट में बनने लगी. हालांकि ये वो वजह भी रही जिसने उनकी तबीयत पर बुरा असर किया. वो स्ट्रेस में जीने लगे थे. उनपर बाहुबली के बाद अगले प्रोजेक्ट को चुनने का दबाव था.
बाहुबली ने बढ़ाई थी टेंशन
प्रभास ने कहा- अब बाहुबली के बाद मेरी अगली फिल्म कौनसी होगी? बाहुबली जैसी कोई हाई एक्शन-ड्रामा फिल्म? या विजुअली कुछ और? लेकिन यही तो राजामौली का कमाल था. मैंने मेरी टीम के साथ सोचा कि अब हम एक स्क्रीनप्ले बेस्ड फिल्म करेंगे. फिर हमने लव स्टोरी का सोचा. प्रशांत नील और नाग अश्विन जैसे डायरेक्टर्स से भी बातचीत चल रही थी.
'मैं बाहुबली के बाद दो-तीन साल तक ठीक तरह से सो नहीं पाया था. हर डिपार्टमेंट में जिम्मेदारी अचानक हजार गुना बढ़ गई थी. बाहुबली के बाद का समय मेरी जिंदगी का सबसे स्ट्रेसफुल दौर था. बाहुबली हमारे लिए एक मजबूत नींव की तरह थी. उसी फिल्म की वजह से हम कल्कि और सलार जैसी बड़ी फिल्में बना पाए. ये सब इसलिए संभव हुआ क्योंकि सबसे पहले बाहुबली आई थी.'
बात करें प्रभास के वर्क फ्रंट की, तो हम एक्टर को तीन फिल्मों में देखने वाले हैं. पहली होगी फौजी, जिसे इसी साल दिसंबर में रिलीज करने की प्लानिंग जारी है. हालांकि अभी तक इसकी रिलीज डेट कंफर्म नहीं हुई है. फिर प्रभास संदीप रेड्डी वांगा की स्पिरिट में नजर आएंगे जो 5 मार्च 2027 को रिलीज होगी. इसके बाद वो कल्कि 2 में दिखेंगे, जिसे दिसंबर 2027 तक रिलीज कर दिया जाएगा.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क