Dislosure Day Review: दुनिया में एलियंस का सबसे बड़ा खुलासा भी हो सकता है बोरिंग? हां, स्पीलबर्ग ने ये कर दिखाया है

दुनिया के दिग्गज फिल्ममेकर स्टीवन स्पीलबर्ग की मच-अवेडेट फिल्म 'डिस्क्लोज़र डे' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. एमिली ब्लंट और जॉश ओ'कॉनर स्टारर इस फिल्म ने अपने ट्रेलर से एलियंस पर एक बड़े खुलासे की उम्मीद जगाई थी. हालांकि, पौने तीन घंटे की यह फिल्म अपने सुस्त स्क्रीनप्ले और रूटीन चेज़ सीन्स के कारण काफी बोर करती है.

Advertisement
'डिस्क्लोज़र डे' रिव्यू (Photo: ITGD) 'डिस्क्लोज़र डे' रिव्यू (Photo: ITGD)

सुबोध मिश्रा

  • नई दिल्ली ,
  • 15 जून 2026,
  • अपडेटेड 1:32 PM IST
फिल्म:डिस्क्लोज़र डे
1.5/5
  • कलाकार : एमिली ब्लंट, जॉश ओ'कॉनर, कॉलमन डिंगो
  • निर्देशक :स्टीवन स्पीलबर्ग

रिलीज से पहले तक, इस साल की सबसे धमाकेदार फिल्मों में गिनी जा रही हॉलीवुड फिल्म 'डिस्क्लोज़र डे' का ट्रेलर एडिट करने वाले को इक्कीस तोपों की सलामी देनी चाहिए! अमेरिका में एलियन लाइफ के खुलासों को लेकर चल रही गहमागहमी के बीच, 'डिस्क्लोज़र डे' के ट्रेलर ने ऐसा माहौल बना दिया था जैसे सबसे बड़ा खुलासा स्टीवन स्पीलबर्ग की ये फिल्म ही करेगी.

Advertisement

वो स्पीलबर्ग जिन्होंने एलियन लाइफ पर दो लैंडमार्क फिल्में- क्लोज एनकाउन्टर्स (1977) और ई. टी. (1982) बनाई हैं. वो स्पीलबर्ग जो यूनिवर्स में इंसानों के अलावा दूसरी लाइफ फॉर्म्स पर बेस्ड आधा दर्जन फिल्मों के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर रहे हैं. मगर बहुत खेद के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि स्पीलबर्ग की धार कमजोर पड़ गई है.

दुनिया भर में सबसे उत्साह भरी चर्चाओं का हिस्सा रहने वाले 'एलियंस' पर कोई फिल्म हो और आपको देखते हुए सुस्ती आने लगे, ये मुझे अबसे पहले असंभव लगता था. मगर बड़े फिल्ममेकर्स की शायद यही खासियत है कि वो कांड भी करते हैं, तो अद्भुत करते हैं. स्पीलबर्ग ने इस बार यही असंभव कर दिखाया है— 'एलियंस पर सबसे बड़े खुलासे' की कहानी से झपकी लगवा दी!

क्या डिस्क्लोज़ कर रही है 'डिस्क्लोज़र डे'?

Advertisement

माग्रेट फेयरचाइल्ड उर्फ मैगी (एमिली ब्लंट) न्यूज चैनल में मौसम का हाल बताने वाली एंकर हैं. अचानक मैगी लोगों की आंखों में झांककर उनकी जिंदगी की कहानी पढ़ने लगी हैं. अचानक से वह रशियन और कोरियन बोलने लगी हैं. अभी वो इस एहसास से ही खौफ में थीं, तभी लाइव न्यूज टेलीकास्ट में उनके गले से गरारे करने जैसी अजीब सी आवाज निकलने लगती है. मौसम का हाल बताने वाली मैगी के साथ हो रही इस घटना ने पूरी दुनिया का मौसम बिगाड़ दिया है.

कहानी का दूसरा हिस्सा साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट डेनियल केल्नर (जॉश ओ'कॉनर) है, जिसे मैगी के गले से आई उन अजीब आवाजों का मतलब पता है. डेनियल को उसकी कंपनी वॉरडेक्स ने जिस डेटा की सुरक्षा के लिए रखा था, वो उसी डेटा को चोरी करके भाग निकला है. उसका मानना है कि इस डेटा का पूरी दुनिया के सामने आना बहुत जरूरी है.

जिस एजेंसी ने डेनियल को काम पर रखा था, उसका एक सीनियर आदमी (कॉलमन डिंगो) पहले ही इस डेटा के खुलासे के लिए बागी हो चुका है. डेनियल को वही गाइड कर रहा है और चाहता है कि वो मैगी से मिले. दूसरी तरफ, वॉरडेक्स का हेड है जो ये डेटा बाहर आने से रोकने के लिए कुछ भी करने को राजी है. उसके पास एक ऐसी टेक्नोलॉजी भी है, जो धरती की तो नहीं है.

Advertisement

कहां चूकी स्पीलबर्ग की फिल्म?

'डिस्क्लोज़र डे' के ट्रेलर ने इस कहानी को इस तगड़े सस्पेंस के साथ पेश किया था कि दूसरी दुनिया की एक लाइफ-फॉर्म, यानी एलियंस 79 साल से धरती पर, हम लोगों के बीच ही हैं. फिल्म में इसी का खुलासा होना था. एलियंस को लेकर दुनिया में अब इतनी खोजबीन-खुलासे-चर्चाएं हो चुकी हैं कि कई दशकों से उनका हमारे बीच होना अब उतना भी चौंकाने वाला नहीं लगेगा.

चौंकाने वाली चीज होगी उनके फंक्शन को लेकर कोई जानकारी या काल्पनिक कहानी— इस एलियन लाइफ फॉर्म का इंसानों से पहला कॉन्टैक्ट कैसे हुआ था? उनकी बायोलॉजी क्या है, टेक्नोलॉजी क्या है? वो क्या कर सकते हैं, पावर्स क्या हैं? इंसानों के बीच कैसे रहते हैं? क्या उनका अपना ही शरीर है या वो इंसानों का भेष बदलकर रहते हैं?

'डिस्क्लोज़र डे' इनमें से किसी सवाल का जवाब दिए बिना सिर्फ एक ही लाइन तक लिमिटेड रह जाती है— एलियंस हमारे बीच दशकों से हैं. इसलिए ये एक ऐसी फिल्म की तरह लगती है जिसे स्पीलबर्ग शायद दो दशक पहले बनाना चाहते थे, जब टीवी न्यूज का गोल्डन दौर था. शायद इसीलिए फिल्म में मैगी के साथ हो रही घटनाओं पर आपको कोई सोशल मीडिया चर्चा नहीं दिखती, उसका विचित्र भाषा बोलने वाला मोमेंट वायरल होता नहीं मिलता. ये ऐसी फिल्म लगती है जिसके क्रांतिकारी प्लॉट पर शायद दो दशक पहले कोई स्टूडियो पैसा लगाने को तैयार नहीं था और अब जाकर किसी ने हरी झंडी दिखाई है.

Advertisement

मैगी के किरदार को पहली बार किसी एलियन एनकाउन्टर का हिंट मिलने के सीक्वेंस जरूर थोड़े दिलचस्प हैं. लेकिन फिल्म का पूरा फर्स्ट हाफ डेनियल को खोजती एजेंसी के ऑपरेशन पर फोकस करता है. लेकिन यह चेज़ गेम बहुत रूटीन है. सेकंड हाफ में भी आप फिल्म से किसी धमाकेदार रिवील का इंतजार करते रहते हैं, मगर मोस्टली मामला ठंडा ही रहता है. इसमें एक्टर्स की कोई गलती नहीं है, एमिली हों या जोश, या कॉलमन, एक्टर्स ने अपना पूरा दम लगाया है. लेकिन स्पीलबर्ग की कहानी और उनके बेहद भरोसेमंद साथी डेविड कोएप का स्क्रीनप्ले हैंडब्रेक लागि गाड़ी की तरह हैं, एक्टर्स दम लगाकर क्या ही कर लेते! 

आखिरी के 20 मिनट में फिल्म 79 साल पहले हुए रॉसवेल क्रैश से एलियन लाइफ और इंसानों के पहले कॉन्टैक्ट की कहानी जोड़ती है. और एलियन लाइफ को दिखाती है, केवल तभी कुछ एक्साइटमेंट बनती है. अंत में मैगी और डेनियल के किरदारों का एलियन लाइफ कनेक्शन दिखाया जाता है, जो कुछ अजीब सा साइंटिफिक प्रोसेस है. मगर स्पीलबर्ग फिर इसके बारे में कुछ रिवील नहीं करते और आप सवाल लेकर बैठे रह जाते हैं. ऊपर से तब तक आपके सब्र का दरिया सूख जाता है.

'डिस्क्लोज़र डे' में कुछ मोमेंट्स जरूर अच्छे हैं— मैगी और डेनियल को पहली बार किसी 'सुप्रीम लाइफ' का एहसास होना. एलियन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल. मैगी की जुबान से अपनी जिंदगी की कहानी सुनते और उसके लगभग जादुई असर से गुजरते लोग और खुद मैगी के बचपन की कहानी. मगर पौने तीन घंटे की फिल्म में सिर्फ इन गिनती के मोमेंट्स के लिए इंतजार करते हुए झपकी लग जाना, उस थिएटर के दर्शकों में एक आम घटना थी जहां मैंने ये फिल्म देखी. 'डिस्क्लोज़र डे' स्पीलबर्ग की सबसे भुला देने लायक फिल्म बनकर आई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »