अक्षय कुमार की फिल्म वेलकम टू द जंगल थिएटर्स में ऐसा कमाल कर रही है, जिसकी उम्मीद इसकी रिलीज से पहले किसी ने नहीं की थी. पहले दिन से ही दमदार शुरुआत करने वाली इस फिल्म ने संडे के कलेक्शन के साथ अपना पहला वीकेंड खत्म कर लिया है. मगर संडे को वेलकम टू द जंगल ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा भौकाल दिखाया कि कमाई में अनुमानों से कहीं ज्यादा बड़ा जंप देखने को मिला. संडे का कलेक्शन, शुक्रवार यानी फिल्म के ओपनिंग डे के मुकाबले 60% से भी ज्यादा जंप लेकर आया.
गुरुवार के पेड पीव्यू शोज से ही वेलकम टू द जंगल की कॉमेडी और अक्षय की मजेदार परफॉर्मेंस की तारीफ होने लगी थी. इसने लोगों को थिएटर्स तक आने की वजह दी, जिससे स्लो एडवांस बुकिंग के बावजूद शुक्रवार को 15.25 करोड़ रुपये का दमदार कलेक्शन हुआ. फिल्म की कॉमेडी को मिल रहे दमदार वर्ड ऑफ माउथ ने शनिवार को असर दिखाया और 30% से ज्यादा जंप के साथ कलेक्शन 20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
संडे को तो वेलकम टू द जंगल का अलग ही क्रेज नजर आया. शनिवार के बड़े जंप के बाद नॉर्मली संडे का जंप बहुत बड़ा नहीं होता, लेकिन तीसरे दिन अक्षय की फिल्म के लिए तो जनता का क्रेज ही अलग लेवल पर था. सिर्फ शहरों में ही नहीं, मास ऑडियंस वाले थिएटर्स में भी वेलकम टू द जंगल का जलवा नजर आया. सैकनिल्क का डेटा बताता है कि संडे को फिल्म ने फिर से करीब 24% के जंप के साथ, 24.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है.
पेड प्रीव्यू के कलेक्शन के साथ संडे तक, तीन दिनों में वेलकम टू द जंगल का total नेट कलेक्शन 63.75 करोड़ रुपये हो गया है. यह 2026 में बॉलीवुड फिल्मों का तीसरा सबसे बड़ा वीकेंड कलेक्शन है.
इस साल का सबसे बड़ा वीकेंड कलेक्शन 503 करोड़ रुपये, रणवीर सिंह की धुरंधर 2 के नाम है. इसके बाद दूसरे नंबर पर सनी देओल की बॉर्डर 2 आती है, जिसने पहले वीकेंड में करीब 130 करोड़ रुपये कमाए थे. अब 63 करोड़ रुपये से ज्यादा कलेक्शन के साथ वेलकम टू द जंगल इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गई है.
वेलकम टू द जंगल का वीकेंड कलेक्शन, 2024 में आई अक्षय की सारी फिल्मों से ज्यादा है. इस साल अक्षय पहले ही भूत बंगला जैसी सुपरहिट कॉमेडी फिल्म दे चुके हैं. अब वेलकम टू द जंगल की धाकड़ कमाई बता रही है कि अक्षय को लोग उनके ट्रेडमार्क कॉमिक अवतार में पसंद कर रहे हैं. देखना है कि शानदार वीकेंड के बाद, कामकाजी दिनों में वेलकम टू द जंगल क्या कमाल करती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क