फिल्मों में रहे फ्लॉप, 'अलायंस' से लाइमलाइट लूटेंगे सोहेल खान, बदलेगी 'सलमान के भाई' वाली इमेज?

सोहेल खान ने उम्मीद जताई है कि वो कुणाल खेमू के रियलिटी शो द अलायंस में जाकर खुद की पहचान बनाने की कोशिश करेंगे. वो इस शो में बतौर वाइल्ड कार्ड एंट्री जाने वाले हैं, ऐसे में उन्होंने अंदर जाने से पहले मीडिया से बातचीत में ये सारी बातें कही हैं.

Advertisement
रियलिटी शो में दिखेंगे सोहेल खान (Photo: Social Media) रियलिटी शो में दिखेंगे सोहेल खान (Photo: Social Media)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 02 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:10 AM IST

कुणाल खेमू का रियलिटी शो अलायंस ओटीटी पर लोगों को काफी अच्छा लग रहा है. इसकी सीधी टक्कर नेटफ्लिक्स पर आ रहे एकता कपूर वाले रियलिटी शो लॉक अप 2 से हो रही है. मगर इसके बावजूद, अलायंस को भी अच्छी ऑडियंस मिल रही है. शो में हर हफ्ते कुछ नया होता दिखता है. बीते एपिसोड में रवि किशन शो से बाहर होते नजर आए थे. अब सलमान खान के छोटे भाई सोहेल खान इसमें हिस्सा लेने वाले हैं. 

Advertisement

सोहेल खान बतौर वाइल्ड कार्ड इस शो में एंट्री लेंगे. कुछ दिनों पहले ही उनके रियलिटी शो से जुड़ने की खबर सामने आई थी, जिसे एक्टर-डायरेक्टर ने भी कंफर्म किया था. अलायंस शो में जाने से पहले सोहेल ने मीडिया से बातचीत में अपने गेम प्लान और पहचान पर बात की, जिसके साथ वो इसमें जाने वाले हैं. HT के अनुसार, सोहेल का कहना है कि वो शो के जरिए अपनी सलमान के भाई वाली इमेज बदलना चाहेंगे. 

अलायंस का हिस्सा क्यों बने सोहेल?

सोहेल ने कहा- शो में कोई फैमिली का नाम नहीं है जिस पर मैं टिक सकूं. कोई इंडस्ट्री की जोर-जबरदस्ती भी नहीं. यहां सिर्फ मैं हूं, मेरा दिमाग और मैं गेम कैसे खेलता हूं. अगर लोग जाते वक्त मेरी वो साइड देखकर जाएं जो उन्होंने पहले कभी नहीं देखा, तो बहुत अच्छी बात होगी. बिल्कुल यही वजह है कि मैं यहां इस शो पर आया हूं.

Advertisement

सोहेल ने आगे बिग बॉस और कुणाल के शो अलायंस में क्या फर्क है, उसपर बात की और बताया कि क्यों वो अलायंस में जाने के लिए तैयार हुए. एक्टर ने कहा- मैंने देखा है कि बिग बॉस में कितनी एनर्जी, ड्रामा और इमोशनल टोल लगता है. मैं हमेशा सोचता था कि ये सलमान भाई का स्पेस है, मेरा नहीं. उनका शो पर्सनैलिटी, झगड़ों और इमोशंस पर चलता है.

'लेकिन ये शो अलायंस बिल्कुल अलग है. ये दिमाग वाला खेल है, इसमें स्ट्रैटेजी है. लोगों को चुपके से हरा देना, बिना उन्हें ये पता चले कि उन्हें हराया गया है. ये चुनौती मुझे इतनी पसंद आई कि पहले कभी कुछ भी इतना नहीं पसंद आया.'

क्या था सलमान का रिएक्शन?

सोहेल पहली बार किसी रियलिटी शो का हिस्सा बनने जा रहे हैं. ऐसे में जब उन्होंने ये बात अपने बड़े भाई सलमान खान को बताई, तो उनका रिएक्शन भी काफी अलग था. एक्टर ने बताया- सलमान भाई को ये बात काफी दिलचस्प लगी. फिर अचानक उन्होंने कहा कि क्या तुम्हें पक्का यकीन है कि तुम इसमें क्यों पड़ रहे हो? जैसा कि मैं उन्हें जानता हूं, ये बात एक साथ चेतावनी भी थी और आशीर्वाद भी. मैं इसे मान लेता हूं. 

बात करें, द अलायंस शो की, तो इसमें टीवी और फिल्मी सितारों की भरमार है. उनके साथ-साथ सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स भी अपने टैलेंट को दिखाते हुए नजर आ रहे हैं. इस समय शो पर जिनकी सबसे ज्यादा चर्चा रही, वो रवि किशन और उनकी बेटी रीवा थीं. लेकिन चूंकि अब रवि किशन शो से बाहर हो गए हैं, तो रीवा कमजोर पड़ गई हैं. ऐसे में क्या अब उनका गेम बिगड़ जाएगा या वो और स्ट्रॉन्ग बन जाएंगी? 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »