ललित मोदी की बायोपिक में होंगे रणवीर सिंह? स्क्रिप्ट पर काम शुरू, एक्टर से हो चुकी मुलाकात

ललित मोदी इस समय अपनी बायोपिक पर काम कर रहे हैं. इस फिल्म में उनका किरदार कौन निभाएगा ये तो पता नहीं लेकिन उन्होंने धुरंधर एक्टर रणवीर सिंह का नाम लिया है.

Advertisement
ललित मोदी बनेंगे रणवीर सिंह? (Photo: ITG) ललित मोदी बनेंगे रणवीर सिंह? (Photo: ITG)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 04 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:06 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की शुरुआत करने वाले और इसके पूर्व कमिश्नर ललित मोदी की जिंदगी पर जल्द ही एक बायोपिक फिल्म देखने को मिल सकती है. ललित मोदी ने खुद खुलासा किया है कि उनकी लाइफ पर आधारित एक फिल्म की तैयारी चल रही है और इसके लिए स्क्रिप्ट लिखी जा रही है. दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म में उनका मुख्य किरदार निभाने के लिए बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर रणवीर सिंह ने काफी दिलचस्पी दिखाई है.

Advertisement

ललित मोदी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई (ANI) को दिए इंटरव्यू में बताया कि कुछ साल पहले रणवीर सिंह खुद उनसे मिलने लंदन गए थे और उन्होंने ललित मोदी का किरदार पर्दे पर जीने की इच्छा जाहिर की थी. हालांकि, अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि फिल्म में लीड रोल कौन करेगा, लेकिन ललित मोदी की पहली पसंद रणवीर सिंह ही हैं.

पर्दे पर अपनी कहानी लाने की तैयारी
इस प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए ललित मोदी ने बताया कि फिल्म को लेकर काम काफी आगे बढ़ चुका है. फिलहाल इसकी स्क्रिप्ट तैयार की जा रही है, जिसके लिए उन्होंने सैकड़ों इंटरव्यू दिए हैं ताकि कहानी में हर एक बारीकी को सही ढंग से दिखाया जा सके. उन्होंने यह भी साफ किया कि इस पूरे प्रोजेक्ट की कमान सोनी (Sony) की पूर्व हेड स्नेहा रजनी के हाथों में है, जो अपनी पूरी टीम के साथ मिलकर कहानी को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं.

Advertisement

ललित मोदी से मिलने पहुंचे रणवीर सिंह
इंटरव्यू के दौरान जब ललित मोदी से पूछा गया कि वह पर्दे पर किसे अपना किरदार निभाते हुए देखना चाहते हैं, तो उन्होंने रणवीर सिंह का नाम लिया. उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा शेयर करते हुए बताया कि वह रणवीर को निजी तौर पर नहीं जानते थे, बल्कि दीपिका पादुकोण को काफी अच्छे से पहचानते थे. लेकिन करीब दो साल पहले अचानक उन्हें एक फोन आया कि रणवीर सिंह उनसे मिलना चाहते हैं. इसके बाद रणवीर खुद लंदन में ललित मोदी के घर पहुंचे थे. दोनों ने वहां बैठकर इस बायोपिक को लेकर लंबी बातचीत की थी.

ललित मोदी ने बताया कि रणवीर सिंह ने खुद उनसे कहा था कि अगर उनकी जिंदगी में कोई एक ऐसा किरदार है जिसे वह दिल से निभाना चाहते हैं, तो वह 'ललित मोदी' का रोल है. हालांकि, ललित मोदी को यह पक्का नहीं पता कि आज के समय में रणवीर इस रोल को करेंगे या नहीं, क्योंकि वह अब एक बहुत बड़े स्टार बन चुके हैं और उनके पास समय की कमी हो सकती है. 

इसके बावजूद, ललित मोदी रणवीर के काम के बहुत बड़े फैन हैं. उन्होंने रणवीर की फिल्म 'धुरंधर' में उनके एक्टिंग की जमकर तारीफ की और उन्हें एक बेहतरीन एक्टर बताया. 

Advertisement

ललित मोदी का सफर
ललित मोदी को भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदलने वाले शख्स के रूप में जाना जाता है. वह आईपीएल (IPL) के पहले चेयरमैन और कमिश्नर रहे, जिन्होंने क्रिकेट और मनोरंजन को एक साथ लाकर एक नया इतिहास रचा. इसके अलावा, साल 2005 से 2010 तक उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष (वाइस प्रेसिडेंट) के रूप में भी काम किया. राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ घरेलू क्रिकेट में भी उनका दबदबा रहा. वह राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के अध्यक्ष और पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) के उपाध्यक्ष जैसे कई पदों पर रह चुके हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »