धुरंधर स्टार रणवीर सिंह की फिल्म डॉन 3 को लेकर छिड़ा पंगा रोज नए मोड़ ले रहा है. फिल्म इंडस्ट्री के संगठन FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉयीज) ने रणवीर के खिलाफ 'नॉन-कोऑपरेशन' का आदेश जारी किया तो लोग शॉक हो गए. इस आदेश का सीधा मतलब ये था कि संगठन से जुड़े 5 लाख कलाकारों और टेक्नीशियंस में से कोई भी रणवीर के किसी प्रोजेक्ट में काम नहीं करेगा.
इसके बाद फैंस के बीच चिंता बढ़ गई कि आखिर रणवीर की अगली फिल्म प्रलय की शूटिंग कैसे होगी? अब खबर आ रही है कि FWICE के इस विवाद को देखते हुए प्रलय के मेकर्स ने एक ऐसा रास्ता निकाला है, जिससे मुंबई के लोकल वर्कर्स का बड़ा नुकसान हो सकता है.
मुंबई नहीं, हैदराबाद या नोएडा में शूट होगी प्रलय?
ऐसी खबरें सामने आई हैं कि रणवीर सिंह की अगली फिल्म प्रलय के मेकर्स अपना शूटिंग शेड्यूल मुंबई से बाहर शिफ्ट कर सकते हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रलय के सेट पर 500 से ज्यादा डेली वेज वर्कर्स और टेक्नीशियंस काम करने वाले हैं. फिल्म इंडस्ट्री की 34 वेंडर एसोसिएशन FWICE के अंतर्गत ही काम करती हैं, इसलिए संगठन का नॉन-कोऑपरेशन ऑर्डर इस फिल्म के लिए बड़ी मुश्किलें खड़ी कर सकता है.
ऐसे में मेकर्स के पास इस विवाद से निकलने का एक ही प्रैक्टिकल तरीका बचता है कि वो अपनी शूटिंग लोकेशन मुंबई से बाहर शिफ्ट कर लें. अगर वे बाहर शूटिंग करते हैं, तो लोकल आर्टिस्ट्स और टेक्नीशियंस के साथ काम करने पर FWICE के ऑर्डर का कोई खास असर नहीं पड़ेगा. मीडिया रिपोर्ट्स और सिनेमाई गलियारों की मानें, तो प्रलय के मेकर्स अब फिल्म को हैदराबाद या नोएडा में शूट करने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं.
हैदराबाद की बात करें तो तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री का यह गढ़ प्रोडक्शन और तकनीकी सुविधाओं के मामले में मुंबई से रत्ती भर भी कम नहीं है. वहां रामोजी फिल्म सिटी जैसी वर्ल्ड क्लास फैसिलिटीज हैं, जहां एसएस राजामौली जैसे दिग्गज मेकर्स अपनी फिल्में शूट करते हैं. मेकर्स का यह दांव उन्हें FWICE के पंगे से तो बचा लेगा, लेकिन इससे मुंबई के डेली वेज वर्कर्स के भविष्य पर एक बड़ा सवालिया निशान लग गया है.
डायरेक्टर संजय गुप्ता को मुंबई के वर्कर्स की चिंता
मशहूर फिल्ममेकर संजय गुप्ता ने प्रलय का शूट मुंबई से हैदराबाद शिफ्ट होने की खबरों पर अपनी गहरी चिंता जाहिर की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'अगर यह सच है कि फिल्म का प्रोडक्शन मुंबई से हैदराबाद शिफ्ट हो रहा है, तो उन सैकड़ों वर्कर्स का क्या होगा जो इस फिल्म पर काम करने वाले थे?'
इससे पहले भी रणवीर के खिलाफ आए FWICE के आदेश पर संजय ने वर्कर्स के हक में आवाज उठाई थी. उन्होंने लिखा था, 'जब एक ए-लिस्ट हीरो शूटिंग करता है, तो सेट पर 300 से ज्यादा वर्कर मौजूद होते हैं. हीरो को बैन करके आप उसे नहीं रोकते, बल्कि उन दिहाड़ी वर्कर्स की रोजी-रोटी रोक देते हैं. इस बात का कोई सेंस बनता है?'
हालांकि, गुरुवार को ऐसी रिपोर्ट्स भी आई थीं कि प्रलय पर इस बैन का कोई असर नहीं पड़ेगा और यह फिल्म अपने तय समय यानी अगस्त से फ्लोर पर चली जाएगी. मेकर्स की तरफ से अभी तक फिल्म की कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की गई है और न ही उन्होंने रणवीर के डॉन 3 वाले विवाद पर कोई ऑफिशियल बयान जारी किया है.
बता दें कि प्रलय दुनिया के खत्म होने की कगार पर सेट एक हाई-बजट जॉम्बी थ्रिलर फिल्म है. जाने-माने फिल्ममेकर हंसल मेहता इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं और उनके बेटे जय मेहता इसके जरिए डायरेक्शन की कमान संभाल रहे हैं. जय इससे पहले स्कैम 1992 और लुटेरे जैसी दमदार वेब सीरीज डायरेक्ट कर चुके हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि रणवीर की यह प्रलय का शूट कब और किस शहर में शुरू होता है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क