'कोई दूसरा राम नहीं देखना चाहता', रणबीर कपूर की फिल्म रामायण बोले पर अरुण गोविल, बनेंगे दशरथ

टीवी पर राम बनकर छाए अरुण गोविल ने रणबीर कपूर की आने वाली रामायण पर बड़ी बातें कह डाली हैं. उनका कहना है कि रामानंद सागर ने रामायण इस तरह से दिखा दी, कि अब कोई भी दूसरा राम नहीं देखना चाहता है.

Advertisement
रणबीर की रामायण पर टीवी के राम की राय (Photo: Screengrab) रणबीर की रामायण पर टीवी के राम की राय (Photo: Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 30 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:33 PM IST

रणबीर कपूर और यश जल्द दुनिया के सामने रामायण की कहानी लेकर आने वाले हैं, जिसे नमित मल्होत्रा 4000 करोड़ रुपये लगाकर बना रहे हैं. इस फिल्म की चर्चा काफी समय से हो रही है. हनुमान जयंती के अवसर पर फिल्म का पहला टीजर जारी हुआ था, जिसे सोशल मीडिया पर काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. 

भगवान राम के रोल में रणबीर कपूर को देख कई लोग खुश नहीं थे. उन्हें उनके चेहरे पर वो तेज नहीं दिखा, जैसा टीवी पर रामानंद सागर की रामायण में एक्टर अरुण गोविल पर दिखा था. अरुण गोविल आज भी राम के किरदार को निभाने के लिए मशहूर हैं. हालांकि वो रणबीर वाली रामायण फिल्म में राजा दशरथ का रोल निभाते नजर आएंगे. 

Advertisement

रामायण की ट्रोलिंग पर क्या बोले अरुण गोविल?

अरुण गोविल ने हाल ही में वैराइटी इंडिया से बातचीत के दौरान रणबीर की रामायण को मिली ट्रोलिंग पर रिएक्ट किया. उन्होंने रणबीर के काम की तारीफ की. मगर साथ ही साथ लोगों की नाराजगी के पीछे अपनी राय रखी. अरुण गोविल ने कहा- अगर मैं भगवान राम के किरदार की बात करूं, तो मैं उनके बारे में कुछ बता नहीं सकता हूं. मगर वो एक अच्छे एक्टर हैं, इसमें कोई शक नहीं है. साथ ही वो एक बेहतरीन इंसान भी हैं. जैसा मैंने पहले भी कहा, हर एक्टर एक किरदार को अपने हिसाब से प्ले करता है. और उन्होंने भी भगवान राम का किरदार अपने यूनीक अंदाज में प्ले किया होगा.  

जब अरुण गोविल से फिल्म के टीजर को मिली नफरत पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा- शायद इसकी एक वजह ये भी है कि भगवान राम के रूप में मेरी एक्टिंग लोगों के लिए एक मानक बन गई. आज भी वो लोगों के दिलों और दिमाग में जिंदा है. लोग किसी दूसरे राम को देखना ही नहीं चाहते. आप जानते हैं, मेरी रामायण आज भी कहीं ना कहीं लगातार दिखाई जाती रहती है. आज भी उत्तर और मध्य भारत में जब मेले-तमाशे लगते हैं और भगवान राम की तस्वीरें बेची जाती हैं, तो उनमें मेरा ही चेहरा होता है. इसलिए मेरे लिए किसी एक्टर के भगवान राम के किरदार निभाने पर टिप्पणी करना सही नहीं लगता. 

Advertisement

क्यों निभा रहे दशरथ का रोल?

अरुण गोविल ने अंत में ये भी बताया कि वो रणबीर की फिल्म रामायण में राजा दशरथ का रोल प्ले कर रहे हैं, जिसे करने के लिए वो पहले राजी नहीं हुए थे. उन्होंने कहा, 'मैं रामायण में भगवान राम के पिता राजा दशरथ का किरदार निभा रहा हूं. अगर मुझे लगता कि ये सही नहीं है, तो मैं ये रोल कभी नहीं करता. सच कहूं तो शुरुआत में मेरी इस रोल को करने की कोई इच्छा नहीं थी. लेकिन फिल्म के डायरेक्टर नितेश तिवारी इस बात पर अड़े हुए थे. उनका मानना था कि हमारी रामायण और इस नई रामायण के बीच एक जुड़ाव होना चाहिए.'

रणबीर कपूर की फिल्म रामायण इस साल दिवाली के मौके पर रिलीज की जाएगी, जिसमें सनी देओल, साई पल्लवी, रवि दुबे, लारा दत्ता जैसे एक्टर्स शामिल हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »