फिल्म रामायण के लिए कल सोमवार को हैदराबाद में प्री-रिलीज इवेंट रखा गया, जहां इसकी पूरी कास्ट शामिल थी. प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने फैंस के सामने अपना फ्यूचर प्लान पेश किया. उन्होंने बताया कि रामायण के दोनों पार्ट्स बनाकर वो और भी बड़ी प्लानिंग में है. उनका मकसद इंडिया का 'MCU' यानी रामायण का यूनिवर्स बनाने का है, जिसमें हर किरदार के ऊपर अलग-अलग फिल्में बनाई जाएंगी.
रामायण के इवेंट में क्या-क्या हुआ?
नमित मल्होत्रा ने हैदराबाद इवेंट में मौजूद लोगों के लिए खास एक वीडियो पेश किया था, जिसमें उन्होंने दिखाया कि उनका रामायण को लेकर क्या 'विजन' है. वो दिखाते हैं कि कैसे उन्होंने दुनिया को रामायण की कहानी समझाने की कोशिश की. इस वीडियो में दिखाया गया कि कैसे फिल्म रामायण को बनाने के लिए हॉलीवुड के दिग्गज शामिल हुए. उन्होंने अपनी एक्सपर्टीज इस प्रोजेक्ट में कैसे इनवेस्ट की. साथ ही साथ लोगों को ये भी दिखाया गया कि कैसे नमित की कंपनी DNEG अपनी टेक्नोलॉजी से फिल्ममेकिंग में एक नई शुरुआत लाने वाली है.
वीडियो में हमें रामायण की पूरी मेकिंग भी विस्तार से दिखाई जाती है. लेकिन इसी के बीच हम कुछ ऐसी चीजें भी देखते हैं, जो फैंस को बेहद पसंद आई है. रामायण के 'विजन' में नमित मल्होत्रा का हनुमान जी और अंगद पर भी अलग से फिल्में बनाने का प्लान है. इसकी एक झलक भी दिखाई गई है कि आखिर हनुमान जी और अंगद दिखने कैसे वाले हैं.
कैसे दिखेंगे हनुमान जी और अंगद?
हनुमान जी की बात करें, तो उनका सिर्फ बैकशॉट दिखाया गया है. वो सूरज की तरफ मुंह करके हवा में उड़ते नजर आए हैं. बलशाली शरीर और हाथ में गदा लिए उनकी झलक लोगों को काफी पसंद आई है. अब सब यही सोच रहे हैं कि शायद फिल्म रामायण में भी सनी देओल इसी तरह से हनुमान जी बनेंगे. हालांकि ऐसा होगा या नहीं, ये वक्त आने पर ही पता चलेगा.
वहीं, अंगद भी पहली बार दिखे हैं. अंगद, भगवान राम की वानर सेना के सबसे शक्तिशाली और बुद्धिमान योद्धा थे. जब वो रावण की लंका में संधि का संदेश लेकर पहुंचे थे, तब कोई उनका पैर नहीं हिला पाया था. इसलिए अंगद भी रामायण की कहानी में एक अहमियत रखते हैं, और उनपर भी अलग से फिल्म बनाने का प्लान है.
कुंभकर्ण भी आया नजर
इस वीडियो में हम कुंभकर्ण की भी पूरी झलक देखते हैं. अभी तक रिलीज हुए टीजर-ट्रेलर में कुंभकर्ण को लेकर कई लोगों को शिकायत थी. उनका मानना था कि इसका VFX अच्छा नहीं किया गया है. लेकिन इस वीडियो में कुंभकर्ण काफी अलग लग रहा है. यानी मेकर्स ने इसके VFX में सुधार कर लिया है.
बात करें फिल्म रामायण की, तो इसका पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को रिलीज होगा. दशहरा के मौके पर इसकी एडवांस बुकिंग भी शुरू हो गई है. इसे नितेश तिवारी ने डायरेक्ट किया है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क