नितेश तिवारी की फिल्म रामायण: पार्ट 1 का नया गाना ‘मंगल रंग’ रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है. गाने में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आ रहे हैं. गाने के विजुअल्स में राम-सीता के विवाह उत्सव की झलकियां दिखाई गई हैं, वहीं वनवास से पहले के उनके खूबसूरत पलों को भी दिखाया गया है. लेकिन इन सबके बीच एक खास सीन ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. आखिर इस सीन में भगवान राम पर हल्दी जैसा पीला लेप क्यों लगाया जा रहा है? क्या यह हल्दी की रस्म है या फिर कोई पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान?
‘मंगल रंग’ के एक सीन पर क्यों उठ रहे सवाल?
‘मंगल रंग’ के एक सीन में भगवान राम अपने परिवार की महिलाओं से घिरे नजर आते हैं. इस दौरान उनके शरीर पर पीले रंग का लेप लगाया जाता है और परिवार के लोग मुस्कुराते हुए रस्म निभाते दिखाई देते हैं. पहली नजर में कई लोगों को यह शादी से पहले होने वाली हल्दी की रस्म लगी.
लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया, जब कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस रस्म को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए. उनका कहना था कि सीन में माता सीता भी मौजूद नजर आती हैं, इसलिए इसे आम तौर पर शादी से पहले होने वाली हल्दी की रस्म मानना सही नहीं हो सकता. इसी के बाद इंटरनेट पर इस रस्म के पीछे की परंपरा को लेकर चर्चा शुरू हो गई.
हल्दी नहीं, मिथिला की ‘चुमान’ रस्म हो सकती है?
सोशल मीडिया पर इस सीन को लेकर एक दूसरी संभावना भी सामने आई है. कुछ लोगों का मानना है कि यह रस्म मिथिला की पारंपरिक ‘चुमान’ या ‘चुमावन’ रस्म हो सकती है. यह एक पारंपरिक आशीर्वाद समारोह है, जो मिथिला और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में खास मौकों, खासकर शादी-ब्याह के दौरान किया जाता है.
इस रस्म में परिवार के बड़े-बुजुर्ग दूल्हा, दुल्हन या जोड़े को आशीर्वाद देते हैं. इसका मकसद उनके सुखी जीवन, लंबी उम्र, खुशहाली और बुरी नजर से सुरक्षा की कामना करना होता है. स्थानीय परंपराओं के हिसाब से इसमें हल्दी, दूर्वा घास, सुपारी और लाल धान जैसे शुभ सामानों का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. हालांकि, अलग-अलग समुदायों में इस रस्म का तरीका बदल सकता है.
क्या भगवान राम के राज्याभिषेक की तैयारी दिखाई गई है?
इस सीन को लेकर एक और चर्चा चल रही है. कुछ सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि यह विवाह से जुड़ी रस्म न होकर भगवान राम के संभावित राज्याभिषेक से जुड़ा कोई अनुष्ठान भी हो सकता है. जिस सीन को देखकर लोगों ने हल्दी की रस्म समझी, उसके पीछे कहानी का कोई दूसरा प्रसंग भी हो सकता है.
हालांकि, फिल्म के मेकर्स ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि इस सीन में कौन-सी रस्म दिखाई गई है. इसलिए फिलहाल इसे हल्दी, चुमान या राज्याभिषेक की रस्म बताना जल्दबाजी होगी.
‘रामायण’ के मेकर्स ने बढ़ाई उत्सुकता, अब जवाब का इंतजार
रणबीर कपूर और साई पल्लवी की ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्सुकता है. ऐसे में ‘मंगल रंग’ के इस सीन ने फिल्म के सांस्कृतिक और धार्मिक पहलुओं को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है. जहां कुछ दर्शक इसकी खूबसूरत प्रस्तुति की तारीफ कर रहे हैं, वहीं दूसरे लोग जानना चाहते हैं कि आखिर इस रस्म का असली मतलब क्या है.
अब देखना होगा कि फिल्म के मेकर्स इस सीन को लेकर कोई स्पष्टीकरण देते हैं या नहीं. फिलहाल इतना जरूर है कि ‘मंगल रंग’ का यह छोटा-सा सीन सोशल मीडिया पर बड़ी चर्चा का विषय बन गया है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क