आज देशभर में नवरात्रि के पावन त्योहार की शुरुआत हो रही है. नौ दिन तक चलने वाले इस उत्सव का आज पहला दिन है. बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव ने फैंस को नवरात्रि की मुबारकबाद दी है. मगर इसी बीच उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर सोशल मीडिया के जरिए एक अहम सवाल उठाया है.
राजपाल ने नवरात्रि पर किया पोस्ट
राजपाल यादव ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा- नवरात्रि के नौ दिनों में हम देवी शक्ति की पूजा करते हैं. अष्टमी और नवमी के दिन छोटी-छोटी बच्चियों को देवी का रूप मानकर उनकी पूजा की जाती है और उनका आशीर्वाद लिया जाता है. लेकिन जब महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी घटनाएं सामने आती हैं, तो मन में एक सवाल उठता है- जिस देश में छोटी बच्चियों को देवी माना जाता है, क्या वहां हर बेटी सच में सुरक्षित है?
राजपाल ने आगे कहा कि तीन बेटियों के पिता होने के नाते ये सवाल उन्हें और भी ज्यादा परेशान करता है. उनकी तरह हर पिता चाहता है कि उसकी बेटी बिना किसी डर के अपने सपने पूरे करे, अपनी मर्जी से जिंदगी जिए और उसे हर जगह सम्मान मिले. राजपाल कहते हैं कि मां दुर्गा की पूजा तभी सही मायने में सार्थक होगी, जब हम उनकी शक्ति को सिर्फ मंदिरों तक सीमित ना रखें. उनके मुताबिक, हमें हर महिला का सम्मान करना होगा और उसकी सुरक्षा भी सुनिश्चित करनी होगी.
राजपाल यादव ने लोगों से अपील की कि इस नवरात्रि सिर्फ देवी की पूजा करने तक खुद को सीमित ना रखें. हमें ऐसा समाज बनाने की कोशिश करनी चाहिए, जहां बेटियों को हर दिन अपनी सुरक्षा की चिंता ना करनी पड़े. उन्होंने कहा कि कन्या पूजन सिर्फ एक रस्म नहीं है. ये हमें याद दिलाता है कि हर बेटी के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी हमारी ही है.
राजपाल यादव इन दिनों एक बार फिर अपने 5 करोड़ के चेक बाउंस केस को लेकर सुर्खियों में हैं. सुप्रीम कोर्ट से उन्हें लगातार पैसों का भुगतान ना करने को लेकर फटकार मिल रही है. साल 2010 से शुरू हुआ ये सिलसिला 2026 में भी सुर्खियां बटोर रहा है. कोर्ट का कहना है कि राजपाल एक्टिंग कर रहे हैं, उन्हें जेल जाना चाहिए. अब एक्टर अपना केस कब सुलझा पाएंगे, ये देखने वाली बात होगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क