400 करोड़ रुपये कमाने के बाद अब तेलुगू में 'हनुमान अंश' का दिखेगा जलवा, ट्रेलर और रिलीज डेट आउट

2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म हनुमान अंश ने बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. अब ये फिल्म तेलुगू भाषा में रिलीज होने के लिए तैयार है.

Advertisement
हनुमान अंश तेलुगु में रिलीज होगी (Photo: YT/Homble Films) हनुमान अंश तेलुगु में रिलीज होगी (Photo: YT/Homble Films)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 05 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:05 PM IST

'हनुमान अंश' ने जो करिश्मा कर दिखाया है, उसकी उम्मीद शायद खुद मेकर्स को भी नहीं रही होगी. केवल मजबूत 'वर्ड-ऑफ-माउथ' के दम पर इस फिल्म ने सिनेमाघरों में ऐसी रफ्तार पकड़ी कि बड़े-बड़े स्टार्स की फिल्में भी इसके सामने फीकी पड़ गईं. हिंदी बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई का आंकड़ा पार कर इतिहास रचने के बाद अब मेकर्स ने इसके फैन्स को एक और बड़ा सरप्राइज दे दिया है.

Advertisement

हिंदी बेल्ट में अपनी धाक जमाने के बाद अब यह दिव्य सिनेमा तेलुगू दर्शकों के दिल पर राज करने की तैयारी में है. फिल्म के तेलुगु वर्जन का दमदार ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसके साथ ही इसकी रिलीज डेट का भी ऑफिशियल ऐलान कर दिया गया है.

9 अक्टूबर को थिएटर्स में आएगी फिल्म
'कांतारा' और 'केजीएफ' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाले बैनर 'होम्बले फिल्म्स' ने 'हनुमान अंश' के तेलुगू रिलीज का जिम्मा संभाला है. होम्बले फिल्म्स, जो पहले से ही इस फिल्म के ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन को सफलतापूर्वक संभाल रहा है, अब इसे तेलुगू में पेश करने जा रहा है. प्रोडक्शन हाउस ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया है कि 'हनुमान अंश' 9 अक्टूबर को तेलुगू भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी.

आज सामने आया दमदार तेलुगू ट्रेलर
रिलीज डेट की घोषणा के साथ ही मेकर्स ने आज (5 अक्टूबर) फिल्म का तेलुगू ट्रेलर भी आउट कर दिया है. ट्रेलर में बाबा नीम करोली के साधु बनने की यात्रा, अंग्रेजों द्वारा उन्हें ट्रेन से नीचे उतारे जाने वाला बहुचर्चित प्रसंग और उनके द्वारा लोगों को राह दिखाने जैसे प्रेरणादायक दृश्यों की झलक दिखाई गई है. ट्रेलर को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है.

Advertisement

2 करोड़ के बजट में छापे 423 करोड़
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हर बीतते दिन के साथ नए रिकॉर्ड बना रही है. सिनेमाघरों में रिलीज हुए 59 दिन बीत जाने के बाद भी इसकी रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है. बीते रविवार (4 अक्टूबर) को भी फिल्म ने एक ही दिन में 3 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया. हैरानी की बात यह है कि महज 2 करोड़ रुपये के सीमित बजट में तैयार हुई इस फिल्म ने अब तक दुनिया भर में 423.26 करोड़ रुपये का कुल ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है.

नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म
फिल्म की कहानी लक्ष्मी नारायण नाम के एक ऐसे साधारण युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी मां के निधन के बाद वैराग्य और अध्यात्म का कठिन रास्ता चुन लेता है. यही युवक आगे चलकर दुनिया भर में पूजनीय 'नीम करोली बाबा' के नाम से प्रसिद्ध होता है. 

डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने इस पूरी यात्रा को बेहद भावुक और प्रभावकारी ढंग से पेश किया है. फिल्म में शोभिनव सत्या ने मुख्य भूमिका निभाई है, जबकि चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवानदास पटेल जैसे कलाकारों ने अपने अभिनय से जान फूंक दी है.

Advertisement

अब देखने वाली बात यह होगी कि हिंदी सिनेमाघरों में रिकॉर्ड तोड़ कमाई करने और दर्शकों के दिलों को छूने के बाद 'हनुमान अंश' तेलुगू भाषा में दक्षिण भारत के दर्शकों पर अपना कैसा जादू चला पाती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »