'मिर्जापुर: द मूवी' का टीज़र आते ही फैंस का एक बहुत लंबा इंतजार पूरा हो गया. इंडियन ओटीटी स्पेस की सबसे पॉपुलर वेब सीरीज में से एक मिर्जापुर को जब से फिल्म की शक्ल में लाने की बात निकली थी, तभी से लोग देखना चाहते थे कि मेकर्स अब क्या कमाल करने वाले हैं. हाल ही में आया मिर्जापुर: द मूवी का टीज़र देखने के बाद जनता को यकीन हो गया है कि फिल्म में तगड़ा धमाका होने वाला है.
इस यकीन की एक बड़ी वजह, कहानी में दिव्येंदु शर्मा के किरदार मुन्ना भैया की वापसी भी है. मिर्जापुर सीरीज को जिस भौकाल के लिए जाना जाता है, उसकी सबसे बड़ी पहचान यही किरदार रहा है. टीज़र में दिव्येंदु को फिर से देखकर फैंस की एक्साइटमेंट तो बढ़ी ही है, दिव्येंदु खुद भी इस फिल्म के लिए बहुत एक्साइटेड हैं. उन्होंने यह भी बताया है कि मिर्जापुर: द मूवी में क्या होने वाला है.
फिल्म में एक बार फिर मुन्ना भैया के रोल में लौट रहे दिव्येंदु ने टीज़र और फिल्म को लेकर अपनी एक्साइटमेंट शेयर की है. 'बॉलीवुड हंगामा' की एक रिपोर्ट के अनुसार दिव्येंदु ने कहा, 'इस फिल्म का स्केल, किरदार, action और डायलॉग... सब कुछ जबरदस्त है. सच में पूरा धमाका है.'
मिर्जापुर: द मूवी की शूटिंग का एक्सपीरियंस याद करते हुए दिव्येंदु ने कहा, 'इस फिल्म की शूटिंग के दौरान मैंने खूब मजे किए. इतना जरूर कह सकता हूं कि दर्शकों के लिए यह पूरी तरह मसाला एंटरटेनर होने वाली है.'
फिल्म में दिव्येंदु के साथ अली फजल तो मुख्य भूमिका में दिख ही रहे हैं, इनके साथ अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रेया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस. चौहान भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
हाल ही में फिल्म के टीज़र में एक बार फिर एक्शन, दमदार खिलाड़ियों की जबरदस्त टक्कर और वही 'भौकाल' देखने को मिला है, जिसने मिर्जापुर को देश की सबसे पॉपुलर वेब सीरीज में से एक बनाया है. टीज़र सामने आने के बाद से ही फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है. मिर्जापुर: द मूवी को ओरिजिनल सीरीज के डायरेक्टर गुरमीत सिंह ने ही डायरेक्ट किया है और यह 4 सितंबर को थिएटर्स में रिलीज होगी. देखना है कि इस बार क्या भौकाल जमता है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क