इम्तियाज अली की फिल्म मैं वापस आऊंगा लगातार फिल्म बिजनेस के ट्रेंड ऐसे पलट रही है कि ट्रेड एक्सपर्ट्स भी हैरान हैं. पहले हफ्ते में फ्लॉप कहलाने के कगार पर खड़ी इस फिल्म ने जनता से ऐसा इमोशनल कनेक्शन बनाया है कि चौथे वीकेंड में भी इसका कलेक्शन, पहले वीकेंड के बराबर हुआ है.
अक्षय कुमार की दो हफ्ते पुरानी कॉमेडी फिल्म वेलकम टू द जंगल और आलिया भट्ट की नई रिलीज अल्फा के सामने मैं वापस आऊंगा ने तगड़ा दम दिखाया है. चौथे हफ्ते में चल रही इस फिल्म की बॉक्स ऑफिस रफ्तार, दोनों नई फिल्मों से बेहतर नजर आई.
दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी स्टारर मैं वापस आऊंगा लगातार थिएटर्स में दर्शक बटोर रही है. गुरुवार को तीसरा हफ्ता खत्म होने तक फिल्म का कलेक्शन 1.30 करोड़ पहुंच गया था. शुक्रवार से नई फिल्म अल्फा के आने से इसके शोज लगभग आधे हो गए, लेकिन कलेक्शन फिर भी 1 करोड़ पहुंच गया.
सैकनिल्क का डेटा बताता है कि शनिवार को, रिलीज के 22वें दिन मैं वापस आऊंगा ने फिर बड़ा जंप लिया और कलेक्शन डबल होकर 2 करोड़ तक चला गया. संडे को फिल्म ने फिर से एक जंप लेते हुए 2.35 करोड़ का कलेक्शन किया है. शोज घटने के बावजूद मैं वापस आऊंगा ने वीकेंड में ऐसा तगड़ा बॉक्स ऑफिस जंप लिया, जो दोनों नई फिल्मों अल्फा और वेलकम टू द जंगल से बेहतर है.
चौथे वीकेंड में मैं वापस आऊंगा ने 5.4 करोड़ नेट कलेक्शन किया, जो ऑलमोस्ट पहले वीकेंड के 5.5 करोड़ रुपये के बराबर है. यानी थिएटर्स में जनता पर इस फिल्म का जादू लगातार बरकरार है. अब तक 24 दिनों के बॉक्स ऑफिस रन में मैं वापस आऊंगा का टोटल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 57.65 करोड़ रुपये हो चुका है.
चौथे हफ्ते के अंत में फिल्म बड़े आराम से 60 करोड़ तक पहुंच जाएगी. रिपोर्ट्स बताती हैं कि नई फिल्मों के मुकाबले बेहतर डिमांड देखते हुए दिल्ली और पंजाब के कई थिएटर्स सोमवार से फिर मैं वापस आऊंगा के शोज बढ़ाने वाले हैं. ऐसे में इम्तियाज अली की फिल्म का कमाल अभी भी थिएटर्स में दमदार तरीके से जारी रहने वाला है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क