'जवान' शनिवार को लाई बॉक्स ऑफिस पर तूफान, तोड़ा पठान-गदर 2 का रिकॉर्ड, 3 दिन में कमा डाले 350 करोड़

शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' थिएटर्स में बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी की नई कहानी लिख रही है. पहले ही दिन से फिल्म ने धांसू कमाई शुरू की और अब तक तीन दिन में ऐसा कलेक्शन कर चुकी है जो ऐतिहासिक है. इसकी कमाई ने पठान-गदर 2 के रिकॉर्ड बड़े अंतर से तोड़ दिए हैं.

Advertisement
'जवान' बॉक्स ऑफिस कलेक्शन रिपोर्ट 'जवान' बॉक्स ऑफिस कलेक्शन रिपोर्ट

सुबोध मिश्रा

  • नई दिल्ली ,
  • 10 सितंबर 2023,
  • अपडेटेड 10:46 AM IST

इस साल जनवरी में आई फिल्म 'पठान' से शाहरुख खान ने 4 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी की. अपने स्पाई अवतार में शाहरुख ने बॉलीवुड इंडस्ट्री की सबसे कमाऊ फिल्म बॉक्स ऑफिस को दी. अब 8 महीने बाद शाहरुख की नई फिल्म 'जवान' थिएटर्स में चल रही है. अगर 'पठान' शाहरुख की वापसी थी तो 'जवान' से वो बॉक्स ऑफिस पर अपनी बादशाहत मजबूत कर रहे हैं. 

Advertisement

'जवान' में शाहरुख एक ऐसे अवतार में दिख रहे हैं, जैसा उन्हें पहले कभी नहीं देखा गया. शाहरुख के एक्शन, इंटेंस लुक्स और स्वैग का क्रेज थिएटर्स में ऐसा चल रहा है कि इस वीकेंड तो थिएटर्स में 'जवान' के टिकट मिलना मुश्किल हो गया. गुरुवार को थिएटर्स में रिलीज हुई 'जवान' बॉलीवुड के इतिहास में सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बनी. शुक्रवार को वर्किंग डे होने से फिल्म की कमाई में थोड़ी सी गिरावट जरूर आई. लेकिन शनिवार शाहरुख की फिल्म के लिए ऐसा जंप लेकर आया जिसने बहुत बड़े-बड़े कमाल कर डाले हैं. 

शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर गरजा 'जवान' 
पहले ही दिन 75 करोड़ कमाने वाली 'जवान' के लिए शुक्रवार का कामकाजी दिन थोड़ी सी गिरावट लेकर आया. दूसरे दिन फिल्म ने भारत में 53 करोड़ रुपये से ज्यादा नेट कलेक्शन किया. मगर शनिवार को फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा सॉलिड जंप लिया कि तीसरे दिन इसकी कमाई, लगभग पहले दिन के लेवल पर हुई है. 

Advertisement

ट्रेड रिपोर्ट्स बताती हैं कि तीसरे दिन देश में 'जवान' का नेट कलेक्शन 73 से 75 करोड़ रुपये की रेंज में हुआ है. यानी सिर्फ तीन ही दिन में शाहरुख की फिल्म ने भारत में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर डाला है. शनिवार के बाद 'जवान' का नेट कलेक्शन 201 करोड़ रुपये से ज्यादा है. 

सबसे तेज 200 करोड़ कमाने वाली बॉलीवुड फिल्म
जनवरी में शाहरुख की फिल्म 'पठान' ने जब सिर्फ 4 दिन में, देश में 200 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन किया तो लोगों के मुंह खुले रह गए थे. लेकिन अब तो जैसे शाहरुख ने 200 करोड़ के आंकड़े को नया 'सौ करोड़' बना दिया है. सिर्फ तीन दिन में इस आंकड़े तक पहुंची 'जवान' सबसे तेज बॉलीवुड फिल्म है. शाहरुख की दोनों फिल्मों के बाद तीसरे नंबर पर इसी साल रिलीज हुई 'गदर 2' आती है. सनी देओल की फिल्म ने 5 दिन में 200 करोड़ का आंकड़ा पार किया था. 

शनिवार को सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म 'जवान' 
हिंदी फिल्मों के इतिहास में अबतक तीसरे दिन की सबसे बड़ी कमाई का रिकॉर्ड 'गदर 2' के नाम था. पिछले महीने रिलीज हुई इस फिल्म ने अपने तीसरे दिन 51.7 करोड़ रुपये कमाए थे. रिलीज के पहले शनिवार का सबसे ज्यादा कलेक्शन, 51.5 करोड़ रुपये, शाहरुख की 'पठान' के नाम था. अब ये दोनों ही रिकॉर्ड 'जवान' के नाम हैं. 

Advertisement

रिपोर्ट्स कहती हैं कि शनिवार को सिर्फ हिंदी में ही 'जवान' की कमाई 65 करोड़ रुपये से ज्यादा हुई है. शाहरुख की लेटेस्ट फिल्म अब रिलीज के तीसरे दिन और पहले शनिवार सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है. 

वर्ल्डवाइड 350 करोड़ पार 
'जवान' ने दो ही दिन में वर्ल्डवाइड 240 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन किया. तीसरे दिन इंडिया में ही फिल्म ने 90 करोड़ रुपये के करीब ग्रॉस कलेक्शन किया है, जबकि ओवरसीज मार्किट में भी फिल्म ने शनिवार को सॉलिड ग्रोथ हासिल की है. फाइनल आंकड़े सामने आने तक 'जवान' का, तीसरे दिन का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 125 करोड़ से ज्यादा नजर आएगा. यानी शाहरुख की फिल्म ने तीन ही दिन में वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 350 करोड़ रुपये से ज्यादा कलेक्शन कर लिया है. 

'जवान' अब हर दिन, कमाई के सारे टॉप रिकॉर्ड अपने नाम करने पर लगी है. रविवार के लिए फिल्म की एडवांस बुकिंग शुक्रवार जितनी तगड़ी है और थिएटर्स में बढ़े हुए शोज फिल्म को जबरदस्त कमाई करवाने वाले हैं. चौथे दिन 'जवान', अपने ओपनिंग रिकॉर्ड को भी तोड़ने की तरफ बढ़ रही है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »