यूएस, इजरायल और ईरान के बीच शनिवार, 28 फरवरी से चल रहा संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस सबके बीच कई भारतीय सेलेब्रिटी UAE में फंस गए थे. इनमें से एक थीं ईशा गुप्ता. ईशा गुप्ता अबू धाबी में थीं और घर वापस लौटने की कोशिश कर रही थीं. उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर हालत के बारे में अपडेट देते हुए लिखा था कि ये 'डरावना वक्त' है. साथ ही उन्होंने दुआ की थी कि भगवान उन्हें सलामत रखेंगे. अब खुशी की बात ये है कि ईशा, भारत वापस आ गई हैं.
ईशा गुप्ता लौट आईं घर
ईशा गुप्ता ने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर फैंस को इसकी खुशखबरी दी. उन्होंने एयरलाइंस, UAE सरकार और होटल स्टाफ को मदद के लिए धन्यवाद दिया. एक्ट्रेस ने एक लंबा नोट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने लिखा, 'घर वापस आ गई हूं. सभी को उनकी प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद. जिस स्थिति में हम सभी थे, वह बहुत कठिन थी. सच में भगवान की कृपा से सुरक्षित रहना. यह सब 28 फरवरी को शुरू हुआ था, जब मैं एयरपोर्ट पर थी. दोपहर 1 बजे तक एयरपोर्ट बंद हो गया, चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि किसी को नहीं पता था कि क्या हुआ है. फिर मिसाइल अटैक की खबरें आने लगीं और किसी को नहीं पता था कि अगले पल में क्या होने वाला है. अजनबी लोग एक-दूसरे को सांत्वना दे रहे थे, सभी अपने घरवालों को फोन कर रहे थे.'
उन्होंने आगे लिखा, 'यहां मैं यह जरूर बताना चाहूंगी कि मैंने जो देखा, वह UAE देश की ताकत थी. हम अबू धाबी एयरपोर्ट पर थे. ग्राउंड स्टाफ और एयरपोर्ट सिक्योरिटी ने तुरंत एक्शन लिया और पूरे समय शांत रहकर काम किया, भले ही हम सभी इस स्थिति में एक साथ थे.
मैंने तब तक खुद चेक-इन नहीं किया था, इसलिए मैं पलटकर अबू धाबी में अपने होटल की ओर वापस चली गई.'
इसके आगे ईशा ने वो कहानियां सुनाई हैं, जो उस रात होटल में मिले लोगों से उन्होंने खुद सुनीं. ये बात बहुत अच्छी है कि ईशा गुप्ता सही सलामत अपने घर लौट आई हैं. फैंस समेत एक्ट्रेस के परिवार को भी राहत की सांस मिली है. ईरान ने इजरायल के साथ-साथ UAE पर भी कई मिसाइल दागे थे, जिसमें अबू धाबी का जायेद इंटरनेशनल एयरपोर्ट शामिल था. इसके बाद उड़ानें रद्द कर दी गई थीं. फिलहाल लिमिटेड फ्लाइट्स को ही उड़ने दिया जा रहा है.
aajtak.in