रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' ने पहले वीकेंड में इंडिया से विदेशों तक खूब धमाल मचाया. भारत में तो 'धुरंधर 2' ने हिंदी सिनेमा के सारे टॉप बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ ही डाले हैं. ओवरसीज मार्केट में भी दर्शकों ने इस फिल्म के लिए ऐसा क्रेज दिखाया है कि बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड्स की झड़ी लग गई है. लेकिन मिडल ईस्ट में रिलीज ना मिलना 'धुरंधर 2' के रास्ते का स्पीड ब्रेकर बन रहा है.
भारतीय फिल्मों ने इससे पहले खाड़ी देशों (GCC) में जमकर थिएटर्स भरे हैं. इसलिए लगभग हर बड़ी फिल्म की धुआंधार कमाई में GCC मार्केट से कलेक्शन का बड़ा रोल रहा है. लेकिन 'धुरंधर 2' वहां नहीं पहुंची है, जिसकी वजह से फिल्म विदेशों में कमाई के टॉप रिकॉर्ड से थोड़ा सा चूक गई है.
ओवरसीज में सबसे बड़ा वीकेंड कलेक्शन
विदेशों में 'धुरंधर 2' का क्रेज अमेरिका से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक खूब नजर आया. इन देशों में रणवीर की फिल्म ने कमाई के ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं, जिन तक पहुंचते-पहुंचते काफी गणित खर्च होगी. पर 'धुरंधर 2' का टोटल ओवरसीज कलेक्शन सामने आ गया है. पहले वीकेंड में ही फिल्म ने कुल 22.40 मिलियन डॉलर (करीब 209 करोड़ भारतीय रुपये) का कलेक्शन कर डाला है.
इस धुआंधार कमाई के साथ 'धुरंधर 2' ने इंडियन फिल्मों के इतिहास में तीसरा सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड ओवरसीज कलेक्शन दर्ज किया है. इससे आगे दो ऐसी फिल्में हैं जिन्होंने अपने समय में ओवरसीज कलेक्शन के खूब रिकॉर्ड बनाए— 'पठान' और 'बाहुबली 2'. ट्रेड रिपोर्ट्स बताती हैं कि ओपनिंग वीकेंड में शाहरुख खान की 'पठान' का ओवरसीज कलेक्शन 26 मिलियन डॉलर था. इसने 'बाहुबली 2' को पछाड़कर टॉप रिकॉर्ड बनाया था. प्रभास की एपिक ने ओपनिंग वीकेंड में ओवरसीज से करीब 22.5 मिलियन डॉलर का ग्रॉस कलेक्शन किया था.
मिडल ईस्ट की लड़ाई से 'धुरंधर 2' को कैसे हुआ नुकसान?
'पठान' के ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन (ओवरसीज) 26 मिलियन डॉलर में करीब 8 मिलियन डॉलर GCC देशों से आई थी, जो मिडल ईस्ट की लड़ाई से काफी प्रभावित हैं. इसी तरह 'बाहुबली 2' के वीकेंड ओवरसीज कलेक्शन 22.5 मिलियन डॉलर में करीब 3.8 मिलियन डॉलर कमाई GCC से आई थी. GCC में आने वाले देश हैं— बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE).
बिना GCC देशों का कलेक्शन जोड़े, भारतीय फिल्मों के सबसे बड़े वीकेंड ओवरसीज कलेक्शन कुछ इस तरह होंगे:
धुरंधर 2— 22.40 मिलियन डॉलर
बाहुबली 2— 18.7 मिलियन डॉलर
पठान— 18 मिलियन डॉलर
GCC देशों में क्यों नहीं रिलीज हुई 'धुरंधर 2'?
मिडल ईस्ट में इस समय बड़ा युद्ध छिड़ा हुआ है, जिसकी वजह से GCC में फिल्म बिजनेस पर असर पड़ रहा है. इसी वजह से 19 मार्च को 'धुरंधर 2' से टक्कर के लिए कमर कसकर तैयार यश की 'टॉक्सिक' भी टाल दी गई. साउथ की फिल्मों का बिजनेस GCC देशों में बहुत तगड़ा रहता है. लेकिन 'धुरंधर 2' को GCC रिलीज ना मिलने की वजह सिर्फ मिडल ईस्ट की लड़ाई नहीं है. दिसंबर में 'धुरंधर' को GCC देशों ने रिलीज की परमिशन नहीं दी थी, जिससे फिल्म की कमाई पर असर पड़ा था.
पिछले कुछ सालों से खाड़ी देशों या GCC देशों में उन भारतीय फिल्मों को रिलीज की परमिशन नहीं मिलती, जो पाकिस्तान को नेगेटिव दिखाती हैं. रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' से पहले उनकी पत्नी दीपिका पादुकोण की ऋतिक रोशन के साथ फिल्म 'फाइटर' भी GCC में रिलीज नहीं हुई थी. जॉन अब्राहम की 'द डिप्लोमैट', यामी गौतम की 'आर्टिकल 370', सलमान खान की 'टाइगर 3' और तमिल सुपरस्टार विजय की 'बीस्ट' भी GCC में रिलीज नहीं हुई थीं.
हालांकि, 'धुरंधर 2' GCC की भरपाई बाकी मार्केट्स से भरपूर करती नजर आ रही है. ओवरसीज मार्केट में US, UK, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और जर्मनी में 'धुरंधर 2' ने सिर्फ वीकेंड कलेक्शन से ही कमाई के रिकॉर्ड बना दिए हैं. अब देखना है कि वीकेंड के बाद वर्किंग डेज़ में आदित्य धर का मैजिक बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाता है.
सुबोध मिश्रा