ग्लोबल ऑडियंस को ओटीटी पर मिला धुरंधर 2 का स्वाद, इंडिया को अब भी इंतजार! क्या ये IPL का हर्जाना है?

रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर धुरंधर 2 इंटरनेशनल ऑडियंस के लिए ओटीटी पर रिलीज हो चुकी है, लेकिन इंडियन फैन्स को अब भी इंतजार करना पड़ रहा है. जियो हॉटस्टार ने फिल्म की रिलीज 4 जून तक टाल दी है. सवाल ये उठता है कि कहीं आईपीएल की वजह से तो धुरंधर 2 को रोका नहीं गया?

Advertisement
धुरंधर 2 की ओटीटी रिलीज में इंडियन फैन्स के साथ धोखा (Photo: ITGD) धुरंधर 2 की ओटीटी रिलीज में इंडियन फैन्स के साथ धोखा (Photo: ITGD)

सुबोध मिश्रा

  • नई दिल्ली ,
  • 15 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:12 PM IST

पिछले साल दिसंबर में आई रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर धुरंधर के सीक्वल का इंतजार इतना भारी था कि जनता को तीन महीने, तीन साल जैसे लग रहे थे. अब कुछ ऐसा ही हाल धुरंधर: द रिवेंज यानी धुरंधर 2 की ओटीटी रिलीज का हो गया है. जिन लोगों ने थिएटर्स जाकर ये फिल्म देख ली है, वो भी 'आदित्य धर की पीक डिटेलिंग' का पूरा स्वाद लेने के लिए धुरंधर 2 की ओटीटी रिलीज का इंतजार कर रहे हैं.

Advertisement

उनका सोचिए जो थिएटर जाकर रणवीर के जसकीरत सिंह की पूरी कहानी नहीं देख पाए! मगर इस फिल्म के इंतजार से भी बड़ी दिल जलाने वाली एक खबर सुन लीजिए— इंटरनेशनल ऑडियंस के लिए धुरंधर 2 ओटीटी पर आ चुकी है, पर इंडियन जनता के लिए नहीं!

ओटीटी प्लेटफॉर्म्स की देन है फिल्म फैन्स में फर्क
धुरंधर के पहले पार्ट की ओटीटी रिलीज नेटफ्लिक्स के हाथ में थी. इसलिए जब धुरंधर 2 की ओटीटी रिलीज की बारी आई, तो दर्शक नेटफ्लिक्स से ही उम्मीद कर रहे थे. मगर खबर आई कि जियो हॉटस्टार ने 150 करोड़ में धुरंधर 2 की स्ट्रीमिंग डील साइन की है. फैन्स कन्फ्यूज थे कि एक ही फिल्म फ्रेंचाइजी के दो पार्ट्स दो अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कैसे?

फिर लगा कि चलो 'दिस इज बिजनेस', होगा कुछ अंदर का मामला. लेकिन कुछ दिन पहले जब नेटफ्लिक्स ने धुरंधर 2 की रिलीज डेट अनाउंस कर दी, तो फिर कन्फ्यूजन हो गया— खबर तो जियो हॉटस्टार के साथ डील की आई थी! मगर करीब एक हफ्ते पहले ये कन्फ्यूजन दूर हो गया.

Advertisement

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट में सामने आया कि धुरंधर 2 नेटफ्लिक्स पर 15 मई से स्ट्रीम होगी. लेकिन इंडिया में नहीं, सिर्फ इंटरनेशनल ऑडियंस के लिए. जबकि इंडियन जनता के लिए ओटीटी पर धुरंधर 2 लेकर आएगा जियो हॉटस्टार. एक ही फिल्म के राइट्स दो प्लेटफॉर्म्स के पास, दो अलग-अलग टेरिटरी के लिए— नो कन्फ्यूजन, नो प्रॉब्लम. लेकिन अब कुछ ऐसा हो गया है कि इंडियन जनता का मुंह फुलाना बनता है.

इंडियन दर्शकों को दो हफ्ते बाद मिलेगी धुरंधर 2
जहां नेटफ्लिक्स ने बताई हुई तारीख पर इंटरनेशनल दर्शकों के लिए धुरंधर 2 रिलीज कर दी है, वहीं 15 मई को दोपहर में जियो हॉटस्टार ने अपने प्लेटफॉर्म पर धुरंधर 2 की रिलीज के लिए नई तारीख अपडेट कर दी— 4 जून. यानी धुरंधर 2 की 'सगी वाली' ऑडियंस को इंटरनेशनल ऑडियंस से दो हफ्ते बाद फिल्म मिलेगी!

ऐसे में सीधा ध्यान एक बात पर जाता है— जियो हॉटस्टार को सबसे ज्यादा ऑडियंस देने वाला कंटेंट क्या है? आईपीएल. दूसरे प्लेटफॉर्म्स एक बार कंटेंट स्ट्रीम करने के बाद महीना भर जोड़ते हैं कि कितने व्यूज आए. वहीं इंडिया में जियो हॉटस्टार के लिए एक आईपीएल मैच, एक ही दिन में करोड़ों दर्शक बटोर लाता है. 2025 के आईपीएल फाइनल में एक मौके पर तो 55 मिलियन लोग एक साथ जियो हॉटस्टार पर थे, जो किसी भी ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए रिकॉर्ड था.

Advertisement

मतलब, जियो हॉटस्टार के लिए आईपीएल मैच बहुत फलदायी हैं. शुरुआत के कुछ दिनों में आईपीएल 2026 को बोरिंग बताने वाली सोशल मीडिया पोस्ट्स नजर भी आ रही थीं. लेकिन जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ रहा है, फैन्स भी लौटने लगे हैं.

तो क्या ये संभव नहीं है कि जियो हॉटस्टार वालों को लगा हो कि आईपीएल के बीच में धुरंधर 2 के आने से दर्शक बंट जाएंगे? बिल्कुल संभव है. क्योंकि धुरंधर 2 को जमकर दर्शक मिलना तय है, ये हर सिनेमा फैन जानता है. दूसरे, अगर आईपीएल खत्म होने के बाद धुरंधर 2 आती है, तो जियो हॉटस्टार के पास व्यूज की हरियाली वाले दिन भी बढ़ जाएंगे.

मामला बिजनेस का है, ये ठीक बात है. लेकिन क्या ये फिल्म फैन्स के साथ गलत नहीं है? धुरंधर 2 के ओटीटी वर्जन को 'रॉ और अनदेखा' बताया जा रहा है. इसमें कुछ ऐसे सीन्स भी हैं जो थिएट्रिकल वर्जन में नहीं थे. इसलिए फिल्म फैन्स एक्साइटेड थे. मगर अब इंटरनेशनल ऑडियंस इन सीन्स के स्क्रीनशॉट और रील्स डालने लगी है, और यहां इंडियन फैन्स अभी भी इंतजार कर रहे हैं.

जियो हॉटस्टार ने आईपीएल के चक्कर में धुरंधर 2 को लटका रखा है या नहीं, ये तो वही बेहतर बता सकते हैं. मगर इसके पीछे वजह चाहे जो भी हो, नुकसान इंडियन सिनेमा फैन्स का ही है. जो इंतजार कर रहे थे कि कब धुरंधर 2 की थिएटर्स में 8 हफ्ते पूरे हों और ओटीटी पर सीन्स रोक-रोक कर फिल्म का पूरा स्वाद लिया जाए!

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »