धुरंधर 2 सिर्फ 7 दिनों में 1000 करोड़ पार! बनी बॉलीवुड की सबसे तेज फिल्म, बराबर किया पुष्पा 2 का रिकॉर्ड

धुरंधर 2 के लिए थिएटर्स में भीड़ देखकर ये बता पाना मुश्किल हो गया है कि वर्किंग डे है या हॉलिडे! रणवीर सिंह की फिल्म हर दिन बॉलीवुड में सबसे ज्यादा कमाई के रिकॉर्ड बना रही है. सिर्फ इंडिया ही नहीं, वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर भी ये जोरदार धमाके कर रही है और 7 दिन में 1000 करोड़ कमा चुकी है.

Advertisement
धुरंधर 2 के 1000 करोड़! (Photo: Instagram/@officialjiostudios) धुरंधर 2 के 1000 करोड़! (Photo: Instagram/@officialjiostudios)

सुबोध मिश्रा

  • नई दिल्ली ,
  • 26 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:40 AM IST

धुरंधर 2 का क्रेज उस लेवल पर है जो बॉलीवुड ने कभी नहीं देखा. रणवीर सिंह की फिल्म ने सिर्फ 7 दिनों में बॉक्स ऑफिस पर बॉलीवुड की कुछ सबसे बड़ी फिल्मों एनिमल, बजरंगी भाईजान, सीक्रेट सुपरस्टार वगैरह से आगे निकल गई है. अब धुरंधर 2 वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ क्लब में एंट्री ले चुकी है, जिसमें साउथ की बाहुबली 2 और पुष्पा 2 जैसी फिल्मों का दबदबा रहा है. बुधवार को एक बार फिर से सिंगल डे कलेक्शन का रिकॉर्ड बनाते हुए धुरंधर 2 ने ये शानदार कमाल कर डाला.

Advertisement

धुरंधर 2 का धमाकेदार बुधवार
डायरेक्टर आदित्य धर की स्टोरीटेलिंग धुरंधर 2 के लिए लोगों को इस तरह थिएटर्स तक खींच रही है कि नॉर्मल वर्किंग डेज में ये सिंगल डे कलेक्शन के रिकॉर्ड बना रही है. धुरंधर 2 ने बॉलीवुड में सबसे बड़े मंगलवार का रिकॉर्ड बनाया था. लेकिन जनता से मिल रहे जबरदस्त प्यार के दम पर धुरंधर 2 ने पहले 7 दिनों में हर दिन सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड बनाया है. बुधवार को सुबह से ही इस फिल्म के लिए टिकट ऐसे बिक रहे थे जैसे बहुत सारी बड़ी फिल्मों के लिए वीकेंड में नहीं बिके.

इसका नतीजा सैकनिल्क की ट्रैकिंग में इस तरह सामने आया है— बुधवार को धुरंधर 2 ने 47.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. ये बॉलीवुड के इतिहास में बुधवार के दिन का सबसे बड़ा कलेक्शन है. इससे पहले शाहरुख खान की फिल्म ने ये रिकॉर्ड बनाते हुए, अपने पहले बुधवार को बॉक्स ऑफिस पर 32 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन किया था.

Advertisement

बॉलीवुड सबसे तेज 600 करोड़
बुधवार की कमाई के साथ धुरंधर 2 का नेट कलेक्शन 7 दिनों में कुल 623 करोड़ हो चुका है. बॉलीवुड में 600 करोड़ क्लब में पहली एंट्री शाहरुख की जवान ने की थी, जिसे 25 दिन लगे थे. स्त्री 2 ने 39 दिन और छावा ने 65 दिनों में ये माइलस्टोन पार किया था. लेकिन 4 महीने पहले ही धुरंधर के पहले पार्ट ने सिर्फ 19 दिनों में ये आंकड़ा पार करके सबको पीछे छोड़ दिया था. लेकिन धुरंधर 2, पहले पार्ट के आधे से भी कम दिनों में 600 करोड़ कमा चुकी है.

सिर्फ हिंदी की बात करें तो सबसे तेज 600 करोड़ कमाने का रिकॉर्ड अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 के नाम है. इस धमाकेदार फिल्म ने 13 दिन में 600 करोड़ नेट हिंदी कलेक्शन कर डाला था. धुरंधर 2 के टोटल 623 करोड़ नेट कलेक्शन में, सिर्फ हिंदी वर्जन का हिस्सा करीब 586 करोड़ है. गुरुवार को ये आंकड़ा भी 600 करोड़ पार कर जाएगा और धुरंधर 2, हिंदी में भी पुष्पा 2 का रिकॉर्ड तोड़ डालेगी.

वर्ल्डवाइड सबसे तेज 1000 करोड़
धुरंधर 2 को इंडिया के साथ-साथ विदेशों में बहुत तगड़े दर्शक मिल रहे हैं. ओवरसीज मार्केट में फिल्म ने सिर्फ 6 दिनों में 250 करोड़ से ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन कर लिया था. 7 दिनों में धुरंधर 2 का ओवरसीज ग्रॉस 262 करोड़ से ज्यादा हो चुका है. इसके दम पर धुरंधर 2 का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन सिर्फ 7 दिनों में 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर गया है.

Advertisement

पुष्पा 2 को भी वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ पार करने में 7 ही दिन लगे थे. यानी धुरंधर 2 की बॉक्स ऑफिस रफ्तार, सबसे तेज ऑल टाइम इंडियन हिट पुष्पा 2 के बराबर चल रही है. ओवरसीज में धुरंधर 2 का क्रेज ज्यादा है, इसलिए संभव है कि जल्द ही ये वर्ल्डवाइड कलेक्शन की रेस में पुष्पा 2 से आगे निकल जाए.

गुरुवार को कई जगहों पर रामनवमी की छुट्टी भी होगी. शुक्रवार से वीकेंड शुरू होगा. इन दोनों चीजों का फायदा धुरंधर 2 को होगा और थिएटर्स में भीड़ फिर से बढ़ जाएगी. दूसरे वीकेंड में धुरंधर 2 सारे ऑल टाइम रिकॉर्ड तोड़ने के लिए तैयार नजर आएगी. अब देखना है कि आदित्य धर का ये सिनमैटिक बारूद, बॉक्स ऑफिस पर और कितने रिकॉर्ड तबाह करता है!

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement