58 साल की उम्र में पंजाब के OG सिंगिंग सेंसेशन दलेर मेहंदी एक नई शुरुआत करने जा रहे हैं. वो फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' से एक्टिंग डेब्यू कर रहे हैं. यानी जिस शख्स ने दशकों तक अपनी आवाज से लोगों को नचाया, अब वो बड़े पर्दे पर एक्टिंग का दम दिखाने की तैयारी में है. लेकिन सवाल ये है कि क्या दलेर मेहंदी की ये सेकेंड इनिंग सफल होगी या फिर स्टार्स की भीड़ में उनका किरदार कहीं खोकर रह जाएगा?
विवाद का शिकार हुए दलेर, गए जेल
एक वक्त था जब दलेर मेहंदी का नाम ही पार्टी की गारंटी माना जाता था. 'बोलो ता रा रा', 'तुनक तुनक तुन', 'ना ना ना रे' और 'हो जाएगी बल्ले-बल्ले' जैसे गानों ने उन्हें देश का सबसे बड़ा पॉप स्टार बना दिया था. शादी हो, बारात हो या कॉलेज फेस्ट, दलेर के गाने बजे बिना माहौल अधूरा माना जाता था.
अपने करियर में 200 से ज्यादा गाने गाने वाले दलेर मेहंदी ने सिर्फ पंजाबी म्यूजिक ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड में भी अपनी अलग पहचान बनाई. उनकी एनर्जी, रंग-बिरंगे कपड़े और दमदार आवाज उन्हें बाकी सिंगर्स से अलग बनाती थी.
लेकिन फिर उनकी जिंदगी में ऐसा दौर आया, जिसने करियर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया. ह्यूमन ट्रैफिकिंग और धोखाधड़ी से जुड़े मामले में उनका नाम विवादों में आया, जेल तक जाना पड़ा. इसके अलावा हरियाणा के सोहना रोड स्थित उनके फार्महाउस को लेकर भी विवाद खड़े हुए. इन मामलों ने उनकी इमेज को नुकसान पहुंचाया और धीरे-धीरे वो लाइमलाइट से दूर होते चले गए.
हालांकि दलेर कभी पूरी तरह गायब नहीं हुए. लगातार आते गानों, स्टेज शोज और लाइव परफॉर्मेंस के जरिए वो फैंस से जुड़े रहे. लेकिन जिस तरह के दमदार कमबैक उनसे उम्मीद की जा रही थी, वो अब तक देखने को नहीं मिला.
बुलंद होंगे दलेर के सितारे?
अब 'वेलकम टू द जंगल' उनके लिए शायद वही मौका लेकर आई है. फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, अरशद वारसी, रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पाटनी और कई बड़े सितारे मौजूद हैं. ऐसे में दलेर मेहंदी के लिए अपनी अलग पहचान बनाना आसान नहीं होगा.
दिलचस्प बात ये है कि फिल्म के ट्रेलर में दलेर मेहंदी को एक लंबा डायलॉग दिया गया है. लेकिन सोशल मीडिया पर इसी बात को लेकर मजाक भी उड़ाया जा रहा है. कुछ यूजर्स का कहना है कि ट्रेलर में ही उनका इतना बड़ा सीन दिखा दिया गया, कहीं फिल्म में उनका पूरा रोल तो यहीं खत्म नहीं हो गया?
कई लोग ये भी पूछ रहे हैं कि क्या दलेर सिर्फ एक स्पेशल अपीयरेंस हैं या फिल्म में उनके पास वाकई कुछ करने के लिए है? क्योंकि ट्रेलर में 20 से ज्यादा कलाकारों की मौजूदगी के बीच किसी एक चेहरे को याद रखना ही मुश्किल हो रहा है. हालांकि दलेर मेहंदी के फैंस इस डेब्यू को लेकर काफी उत्साहित हैं. उनका मानना है कि जिस तरह उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई, उसी तरह एक्टिंग में भी कुछ नया कर सकते हैं.
फिलहाल जवाब 26 जून को मिलेगा, जब 'वेलकम टू द जंगल' सिनेमाघरों में रिलीज होगी. तब पता चलेगा कि दलेर मेहंदी की सेकेंड इनिंग वाकई कमाल दिखाती है या फिर ट्रेलर की तरह सिर्फ चर्चा बनकर रह जाती है.
आरती गुप्ता