उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस के दौरान जो कुछ हुआ, उसने इन दिनों तूल पकड़ लिया है. मंच पर राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा दलेर मेहंदी पर शराब पीने का सार्वजनिक आरोप लगाने और नाराजगी जताने का मामला अब काफी आगे बढ़ चुका है. इस पूरे विवाद ने तूल तब और पकड़ा जब बात मुख्यमंत्री तक जा पहुंची.
अब इस घटना के विरोध में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े संगठन खुलकर दलेर मेहंदी के समर्थन में उतर आए हैं और इसे एक वरिष्ठ कलाकार का अपमान बता रहे हैं. इस बीच CM धामी का रिएक्शन आया है.
सीएम पुष्कर सिंह धामी का रिएक्शन
इस पूरे मामले के गरमाने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बयान सामने आया है. सीएम धामी ने इस स्थिति पर बात करते हुए कहा कि संभव है कि कार्यक्रम के दौरान जनता की तरफ से कोई दबाव रहा हो. उन्होंने यह भी साफ किया कि मीका सिंह और दलेर मेहंदी दोनों के साथ उनके काफी करीबी और अच्छे रिश्ते हैं, और वह इस मामले को लेकर आज खुद उनसे बात करेंगे.
फिल्म बॉडी FWICE का कड़ा रुख
दलेर मेहंदी के समर्थन में अब फिल्म इंडस्ट्री की बड़ी संस्था 'फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज' (FWICE) भी कूद पड़ी है. संस्था ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक पत्र लिखा है. इस पत्र में उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा दलेर मेहंदी पर लगाए गए आरोपों और उनके कथित सार्वजनिक अपमान का कड़ा जिक्र किया गया है.
सीनियर आर्टिस्ट के अपमान पर दुख
FWICE ने अपने पत्र में इस बात पर जोर दिया है कि दलेर मेहंदी भारतीय संगीत जगत के एक बहुत बड़े और जाने-माने कलाकार हैं, जिनके गानों और एनर्जेटिक परफॉर्मेंस ने पीढ़ियों से लोगों के दिलों में जगह बनाई है. फेडरेशन का कहना है कि इतने वरिष्ठ और प्रतिष्ठित कलाकार के साथ इस तरह का सार्वजनिक बर्ताव पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए बेहद दुखद और निराशाजनक है.
माना जा रहा है कि CM धामी का रिएक्शन भी FWICE के कड़ा रुख अपनाने के बाद ही आया है. क्योंकि उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री मोदी से मांग की है, जिसके बाद खुद सीएम आगे आए और उन्होंने मीका सिंह और दलेर मेहंदी से बात करने की बात कही हैं.
अंकित शर्मा