भोजपुरी सिनेमा के सितारे और आजकल बॉलीवुड में अपना डंका बजा रहे रवि किशन का एक बयान सामने आया है. उन्होंने अपने फिल्मी और राजनीति करियर पर बात करते हुए, साउथ इंडस्ट्री पर कमेंट किया है. एक्टर ने वहां के एक्टर्स की राजनीति पर कहा कि साउथ में एक्टर्स को सीधा मुख्यमंत्री बना देते हैं. उनका ये बयान कई लोगों को थलपति विजय की तरफ इशारा करता हुआ दिखा.
'लापता लेडीज' फिल्म पर बोले रवि किशन
दरअसल रवि किशन हाल ही में इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में पहुंचे थे, जहां उनसे उनकी सबसे चर्चित फिल्म लापता लेडीज को लेकर सवाल किया गया. एक्टर से पूछा गया कि उनके रोल के लिए आमिर खान ने भी ऑडिशन दिया था, तो उन्हें ये रोल कैसे मिला? तो इसपर उन्होंने कहा- आमिर ने अपना ऑडिशन खुद लिया था, वो पुलिस वाले का रोल प्ले करना चाहते थे. इसके लिए वो यूनिफॉर्म भी ले आए, लेकिन किरण राव ने मुझे मुक्काबाज फिल्म में देखा था और वो मुझे ये रोल देना चाहती थीं.
रवि किशन आगे बताते हैं कि उन्हें ये रोल तब मिला था, जब वो नए-नए सांसद बने थे. उन्होंने कहा- मैं तभी सांसद चुना गया था और संसद जाने को लेकर बहुत उत्साहित था. मुझे पता है कि मेरे कुछ सीनियर एक्टर्स संसद में उतना नहीं जाते थे, और इसी वजह से ये धारणा बन गई थी कि एक्टर इस पेशे (राजनीति) को गंभीरता से नहीं लेते.
बिना नाम लिए विजय पर कसा तंज?
'मुझे सांसद के तौर पर अपना काम करने की हमेशा से बहुत इच्छा रही है और संसद में उपस्थित होना अच्छा भी लगता है.' भोजपुरी एक्टर ने साउथ इंडस्ट्री पर कहा- अगर आप साउथ इंडिया जाएंगे, तो वहां एक्टर्स को सीधे मुख्यमंत्री बना दिया जाता है. उनके इसी बयान को थलपति विजय की तरफ इशारा बताया जा रहा है. हालांकि हम इसकी कोई पुष्टि नहीं करते हैं.
रवि किशन ने आगे लापता लेडीज की कास्टिंग पर और बातें साझा कीं. उन्होंने बताया कि वो बतौर सांसद इतने बिजी रहते थे कि डायरेक्टर किरण राव से मिलने का वक्त नहीं निकाल पाए. ऐसे में किरण राव को दिल्ली भोजपुरी एक्टर से मिलने आना पड़ा. उन्होंने एक्टर को स्क्रिप्ट सुनानी शुरू की और 45 मिनट में ही रवि किशन ने फिल्म करने के लिए हां कह दी.
बीजेपी के सांसद ने अंत में इस फिल्म से मिली सफलता पर गर्व जताया. उन्होंने कहा कि उन्हें कई अवॉर्ड्स मिले, मगर फिल्म नेशनल अवॉर्ड के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं हो सकी, जिसका उन्हें थोड़ा दुख है. उनकी फिल्म लापता लेडीज साल 2023 में आई थी, जो थिएटर्स में उतनी नहीं चली मगर ओटीटी पर इसने धूम मचाई.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क