परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा की उदयपुर वेडिंग पिछले कुछ सालों की सबसे हाई-प्रोफाइल और सबसे ज्यादा सिक्योरिटी वाली शादियों में से एक मानी जाती है. अब इस शादी को करवाने वाले सिंगर और वैदिक पंडित अंकित बत्रा ने पहली बार शादी के अंदर की कई दिलचस्प बातें शेयर की हैं.
छावनी में बदला शादी का वेन्यू
अंकित बत्रा ने अपने यूट्यूब चैनल ‘Voice of Vows’ पर बताया कि उदयपुर के द लीला पैलेस में हुई इस शादी में सुरक्षा किसी किले जैसी थी. हर तरफ पैपराजी मौजूद थे और शादी की एक झलक पाने की कोशिश कर रहे थे. अंकित ने कहा- सिक्योरिटी इतनी सख्त थी कि किसी को फोटो या वीडियो लेने की इजाजत नहीं थी.
उन्होंने खुलासा किया कि वो उसी फ्लाइट में उदयपुर पहुंचे थे, जिसमें परिणीति और राघव अपनी शादी के लिए गए थे. बाद में बारात झील के दूसरी तरफ मौजूद ताज होटल से नावों के जरिए लीला पैलेस पहुंची थी, जिसने पूरे माहौल को और भी शाही बना दिया था.
अंकित ने बताया कि शादी का माहौल जितना भव्य था, अंदर उतनी ही सख्ती थी. उन्होंने कहा- यहां तक कि प्रियंका चोपड़ा की मां को भी फोन से खींची गई तस्वीरें डिलीट करने के लिए कहा गया था. शादी की पवित्रता को लेकर सभी बेहद गंभीर थे. उन्होंने बताया कि फेरे पूरे 1 घंटा 20 मिनट में करवाए गए. अंकित के मुताबिक ये सिर्फ मंत्र पढ़ने वाली रस्म नहीं थी, बल्कि हर वचन और मंत्र का मतलब भी समझाया गया, जिससे माहौल काफी भावुक हो गया था.
नेताओं ने समझा पवित्र मंत्र का मतलब
अंकित बत्रा ने बारात का एक मजेदार किस्सा भी सुनाया. उन्होंने बताया कि भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल सिर्फ मेहमान बनकर नहीं आए थे, बल्कि परिवार वालों की तरह शादी में शामिल हुए. दोनों ने बारात में जमकर डांस किया और राघव चड्ढा को अपने कंधों पर भी उठा लिया था.
शादी में परिणीति ने राघव के लिए एक खास सरप्राइज भी प्लान किया था. अंकित ने बताया कि जब परिणीति दुल्हन बनकर मंडप में एंट्री कर रही थीं, तब बैकग्राउंड में वही गाना बज रहा था, जिसे उन्होंने खुद राघव के लिए रिकॉर्ड किया था. ये सरप्राइज राघव के लिए भी बेहद खास था.
अंकित ने आगे कहा कि जयमाला और फेरों के दौरान माहौल इतना इमोशनल हो गया था कि वहां मौजूद कई लोगों की आंखें नम हो गई थीं. शादी खत्म होने के बाद भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल और आदित्य ठाकरे जैसे नेताओं ने आकर कहा कि पहली बार उन्हें फेरों और शादी के मंत्रों का असली मतलब समझ आया.
बता दें कि परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा ने 24 सितंबर 2023 को उदयपुर में शाही लेकिन निजी समारोह में शादी की थी. बाद में 19 अक्टूबर 2025 को कपल ने अपने बेटे नीर का स्वागत किया.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क