'इमरान खान को तुरंत देश से निकालो...', आमिर के भांजे की नागरिकता पर विवाद, CJP का साथ देने पर सियासी घमासान

एक्टर इमरान खान अपनी नागरिकता को लेकर विवादों में घिरते हुए नजर आ रहे हैं. विदेशी पासपोर्ट होने के बावजूद भारत के राजनीतिक प्रदर्शन में शामिल होने पर उनके ऊपर कानूनी कार्रवाई की तलवार लटक गई है.

Advertisement
मुश्किल में फंसे इमरान खान (Photo: Instagram/@imrankhan) मुश्किल में फंसे इमरान खान (Photo: Instagram/@imrankhan)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 13 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:24 PM IST

आमिर खान के भांजे और बॉलीवुड एक्टर इमरान खान इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. हालांकि, इस बार चर्चा उनकी किसी फिल्म को लेकर नहीं, बल्कि उनकी नागरिकता को लेकर हो रही है. मुंबई में हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद इमरान खान बुरी तरह विवादों में घिर गए हैं. अब उन पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी है. आइए जानते हैं क्या है पूरा माजरा...

Advertisement

बीते दिनों इमरान खान अपनी गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन के साथ मुंबई के ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान में CJP के प्रोटेस्ट का हिस्सा बने थे. प्रदर्शन के दौरान इमरान खान पूरी शिद्दत के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते नजर आए. इस दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत (Detain) में ले लिया था, जिसके बाद पुलिस वैन से उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए.

नागरिकता पर क्यों उठे सवाल?

लेकिन राजनीतिक विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बनना अब इमरान खान पर काफी भारी पड़ता दिख रहा है. दरअसल, इमरान खान के पास भारतीय नागरिकता नहीं, बल्कि अमेरिकी नागरिकता है. उनका जन्म 13 जनवरी 1983 को अमेरिका के विस्कॉन्सिन (मैडिसन) में हुआ था और उनके पास अमेरिकी पासपोर्ट के साथ भारत का ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है. 

Advertisement

भारतीय नागरिक नहीं होने के बावजूद देश के राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के चलते उनके खिलाफ कार्रवाई और उन्हें देश से बाहर भेजने तक की मांग होने लगी है. यह मांग बीजेपी नेता किरीट सोमैया कर रहे हैं.

किरीट सोमैया ने दर्ज की पुलिस शिकायत

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने इस मामले को लेकर इमरान खान पर सीधे सवाल खड़े किए हैं. सोमैया का दावा है कि OCI कार्ड धारक या कोई भी विदेशी नागरिक भारत की घरेलू राजनीतिक गतिविधियों और प्रदर्शनों में हिस्सा नहीं ले सकता. उन्होंने पुलिस और इमिग्रेशन अधिकारियों से इस मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है.

वहीं, पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने से ठीक पहले इमरान खान ने अपना रुख साफ करते हुए कहा था क् मैं यहां एक नागरिक के तौर पर, इस शहर में रहने वाले एक इंसान के तौर पर आया हूं. मैं यह देखने आया हूं कि आखिर क्यों लोगों के आने-जाने की आजादी को प्रतिबंधित किया जा रहा है और क्यों उनकी आवाज को दबाया जा रहा है.

किरीट सोमैया की शिकायत के बाद अब सबकी नजरें पुलिस और इमिग्रेशन विभाग के अगले कदम पर टिकी हैं. देखना दिलचस्प होगा कि क्या अमेरिकी नागरिकता के फेर में फंसे इमरान खान पर सचमुच देश छोड़ने की नौबत आएगी. 

---- समाप्त ----

Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »