बधाई हो! बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने आखिरकार अपनी लेडी लव गौरी स्प्रैट संग तीसरी शादी रचा ली है. लंबे समय से जिस पल का फैंस इंतजार कर रहे थे, उसकी पहली तस्वीर अब सामने आ गई है. बेहद सादगी लेकिन पूरे परिवार की मौजूदगी में आमिर और गौरी ने अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की.
मां और बेटे की मौजूदगी में आमिर ने गौरी को अपनाया
सामने आई तस्वीर में आमिर शादी के दस्तावेजों पर साइन करते नजर आ रहे हैं. न्यूली वेडेड कपल के चेहरे तो खिले हुए लग ही रहे हैं, उनके आसपास परिवार के सदस्य मौजूद हैं और हर किसी के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है. माहौल बेहद घरेलू, भावुक और जश्न से भरा नजर आ रहा है.
शादी की सामने आई फर्स्ट फोटो की खास बात ये रही कि दुल्हन बनीं गौरी का बेटा क्विन उनकी गोद में बैठा दिखा. वहीं आमिर की 91 साल की मां जीनत उनके पीछे व्हील चेयर पर बैठीं मुस्कुराती नजर आईं. उन्हीं के साथ आमिर और किरण का बेटा आजाद भी पिता को हस्ताक्षर करते, निहारते हुए नजर आए. ये फोटो धड़ल्ले से वायरल हो रही है.
दूल्हा-दुल्हन बने आमिर-गौरी
अगर कपल के लुक की बात करें तो आमिर खान हमेशा की तरह ऑफ-व्हाइट रंग के सिंपल कुर्ता-पायजामा में नजर आए. बिना किसी तामझाम के उन्होंने अपने सिग्नेचर स्टाइल में शादी की. वहीं नई नवेली दुल्हन गौरी स्प्रैट ने हल्के गोल्डन-बेज रंग का खूबसूरत ट्रेडिशनल सूट पहना, जिस पर बारीक एम्ब्रॉयडरी की गई थी. ब्रेड स्टाइल पोनी टेल, ग्लोइंग मेकअप और चेहरे की मुस्कान ने उनके लुक में चार चांद लगा दिए. गौरी का एलिगेंट और ग्रेसफुल अंदाज फैंस का दिल जीत रहा है. अक्सर सादगी में दिखने वालीं गौरी पहली बार इस तरह से सजी-धजी नजर आईं.
तस्वीर में आमिर और गौरी के साथ दोनों परिवारों के करीबी सदस्य भी दिखाई दे रहे हैं. फूलों से सजा कमरा, टेबल पर रखी रजिस्ट्रेशन बुक और परिवार की मौजूदगी इस बात का सबूत है कि कपल ने अपनी शादी को बेहद निजी और यादगार रखा.
61 साल की उम्र में आमिर खान ने जिंदगी का नया अध्याय शुरू किया है. दो शादियों के बाद अब गौरी स्प्रैट के साथ उन्होंने तीसरी बार हमसफर चुना है. पहली तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है और फैंस इस नए जोड़े पर जमकर प्यार बरसा रहे हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क