भजन सम्राट अनूप जलोटा की निजी जिंदगी अक्सर सुर्खियों में रहती है. हालांकि, उनकी पर्सनल लाइफ सबसे ज्यादा विवादों में तब आई, जब रियलिटी शो 'बिग बॉस' में उनका खुद से 37 साल छोटी सिंगर-एक्ट्रेस जसलीन मथारू के बीच लव एंगल देखने को मिला. दोनों के रिलेशनशिप की खबरों ने खूब बवाल मचाया था और उस वक्त अनूप जलोटा को जमकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था.
अफेयर पर क्या बोले अनूप जलोटा?
73 साल के अनूप जलोटा कई दफा 37 साल छोटी जसलीन मथारू संग अपने अफेयर की खबरों पर रिएक्ट कर चुके हैं. अब एक बार उन्होंने जसलीन संग अपनी डेटिंग की रिपोर्ट्स पर सफाई दी है
Unfolding Humans संग बातचीत में अनूप जलोटा से पूछा गया- जब आप बिग बॉस में गए थे, तब आपके अफेयर को लेकर खबरें थीं. आपने उस चीज को कैसे हैंडल किया, क्योंकि आप एक बहुत ही स्पिरिचुअल बैकग्राउंड से आते हैं.
अफेयर की खबरों पर हुई ट्रोलिंग के सवाल पर अनूप जलोटा ने जवाब दिया- लोग जो कहते हैं, उससे फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि उन लोगों से हम कनेक्टेड नहीं हैं. मैं जब बिग बॉस से बाहर आया था, तब मैं सबसे पहले अपनी मां से मिला था. मुझे देखकर मां बहुत खुश हुई थीं. मगर फिर उन्होंने मुझसे पूछा कि ये बताओ कि जसलीन कौन है?
अनूप जलोटा ने आगे कहा- मेरी मां को भी नहीं पता था. हमारे घर में किसी को नहीं पता था कि जसलीन कौन है. वो तो ये अफेयर का ड्रामा टीआरपी के लिए बनाया गया था.
जसलीन ने शो में क्या दावा किया था?
दरअसल, एक समय पर ऐसी चर्चा थी कि अनूप जलोटा बेटी की उम्र की जसलीन मथारू को डेट कर रहे हैं, क्योंकि बिग बॉस 12 में दोनों ने जोड़ी में एंट्री की थी. उस वक्त शो में जाने से पहले स्टेज पर जसलीन मथारू ने ये दावा किया था कि वो अनूप जलोटा संग रिश्ते में हैं. 37 साल छोटी लड़की संग रिश्ते में होने की खबरें सामने आने के बाद से बवाल मच गया था. अनूप जलोटा को जमकर ट्रोल किया गया था.
लेकिन शो से बाहर आने के बाद जसलीन और अनूप जलोटा ने रिश्ते में होने की बात से इनकार किया था. जसलीन ने बताया था कि उन्होंने सिर्फ शो में सुर्खियां बटोरने के लिए रिश्ते में होने का झूठा नाटक किया था.
अनूप जलोटा की मैरिड लाइफ की बात करें तो वो तीन बार शादी कर चुके हैं, लेकिन तीनों शादियों का दर्दभरा अंत हुआ. अनूप जलोटा अब किसी के प्यार में नहीं पड़ना चाहते. वो सिंगल लाइफ में खुश हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क