सिनेमा के पर्दे से, संसद तक का सफर तय कर चुके सांसद और एक्टर रवि किशन का एक्टिंग टैलेंट पिछले कुछ सालों में सरप्राइज की तरह लोगों के सामने आया है. लापता लेडीज फिल्म और मामला लीगल है जैसे बेहद पोपुलर ओटीटी शो ने उन्हें एक नई पहचान दिलाई है.
एक समय सिर्फ भोजपुरी सुपरस्टार की पहचान से पॉपुलर रवि किशन ने पिछले कुछ सालों में लगातार बॉलीवुड में दमदार काम से दर्शकों को इंप्रेस किया है. पंचायत आजतक के मंच पर मेहमान बने रवि किशन ने अपनी राजनीति के अलावा, एक्टिंग करियर में भी आए ग्रोथ पर बात की.
मेनस्ट्रीम हिंदी प्रोजेक्ट्स में अपने काम को रीडिस्कवर किए जाने पर बात करते हुए रवि किशन ने हमेशा की तरह अपनी कामयाबी को 'महादेव की कृपा' कहा. उन्होंने आगे कहा, 'मिट्टी के घर से निकला था, आज पूरी दुनिया में लोग पहचानते हैं सोचिए कितनी बड़ी बात है और सब अपने दम पर किया है, मेरा कोई गॉडफादर नहीं है. लापता लेडीज ऑस्कर तक पहुंच गई, वहां तक लोगों ने पहचाना. लापता लेडीज के बाद मामला लीगल है आई और तारीफ हुई...'
रवि किशन ने कहा कि पिछला साल उनके लिए कई अवॉर्ड लेकर आया था, लेकिन इस साल भी वो स्लो पड़ने के मूड में नहीं हैं. उन्होंने कहा, 'महादेव का डमरू बजता है न तो वक्त ऐसे ही बदलता है. समय सबसे बलवान होता है. सारे बेस्ट एक्टर अवॉर्ड जीते पिछले साल, इस साल भी सारे जीत लूंगा.'
लंबे स्ट्रगल के बाद अब फाइनली बॉलीवुड में बड़ी कामयाबी का स्वाद चख रहे रवि किशन ने युवाओं को भी मैसेज दिया. उन्होंने कहा, 'इसीलिए मैं युवाओं को कहता हूं कि खड़े रहो, सुसाइड मत करो, अभी सिर्फ शुरुआत है. 90s में मैं आया था, तो मेरे साथ कई हीरो आए थे, सब आगे निकल गए मैं पीछे रह गया था, लेकिन मैंने इंतजार किया और आज मेरा वक्त आया है. 34 साल रगड़ने के बाद ये कामयाबी मिली है.' रवि किशन के अगले प्रोजेक्ट्स की बात करें तो वो जल्द ही मिर्जापुर: द मूवी में नजर आने वाले हैं. कार्तिक आर्यन की फिल्म नागजिला में भी उनका महत्वपूर्ण रोल होने की भी रिपोर्ट्स हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क