पंचायत आजतक अयोध्या में समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भारतीय जनता पार्टी और योगी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने दीपोत्सव के आयोजन, अयोध्या के विकास, किसानों की जमीन, स्थानीय कारोबारियों की परेशानियों और 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद हुए मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर अपनी बात रखी.
अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि भाजपा भगवान राम के नाम पर राजनीति और चंदा चोरी करती है. उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अयोध्या के विकास को नई दिशा दी जाएगी और जिन किसानों की जमीन ली गई है, उन्हें उचित मुआवजा दिलाया जाएगा.
स्थानीय लोगों की परेशानी पर जताई चिंता
अयोध्या में दीपोत्सव के भव्य आयोजन पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि दीपावली देश का परंपरागत त्योहार है और इसे सभी लोग मिलकर मनाते हैं. उन्होंने कहा कि अयोध्या में सरकारी स्तर पर दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, लेकिन उन्हें इस कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया.
उन्होंने कहा कि उन्हें निमंत्रण नहीं मिलने का कोई मलाल नहीं है, लेकिन इस बात की चिंता जरूर है कि दीपोत्सव के आयोजन के चलते अयोध्या के स्थानीय लोगों और छोटे कारोबारियों को परेशानी हो रही है. उनके मुताबिक, आयोजन से करीब एक सप्ताह पहले ही लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी जाती है. इससे ठेला लगाने वाले, छोटे दुकानदार और रोज कमाकर खाने वाले लोगों का काम प्रभावित होता है.
अवधेश प्रसाद ने कहा कि प्रभु श्रीराम की नगरी के लोगों को ही आयोजन से दूर रखा जा रहा है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उन परिवारों के घरों में रोशनी पहुंचाने का काम किया जाएगा, जहां लंबे समय से अंधेरा है.
यह भी पढ़ें: 'बहुत देर कर दी हुजूर आते-आते... अब ट्रेन छूट गई', अखिलेश के अयोध्या दौरे पर ब्रजेश पाठक का तंज
'अखिलेश यादव के नेतृत्व में बनेगी सपा सरकार'
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अवधेश प्रसाद ने कहा कि जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बढ़ रहा है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा और उसकी सरकार से लोगों का विश्वास कम हुआ है. उन्होंने रोजगार, किसानों की आमदनी और 15 लाख रुपये खाते में आने के वादे का जिक्र करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार को घेरा. अवधेश प्रसाद ने कहा कि दो करोड़ रोजगार देने के वादे के बावजूद युवाओं को अपेक्षित रोजगार नहीं मिला. किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा भी पूरा नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को आवारा पशुओं से फसलों के नुकसान और खेती से जुड़ी दूसरी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि 15 लाख रुपये खाते में आने के वादे पर भरोसा करके कई लोगों ने बैंक खाते खुलवाए, लेकिन उनके मुताबिक लोगों को इसका लाभ नहीं मिला. इन मुद्दों को उन्होंने भाजपा सरकार के प्रति जनता की नाराजगी की वजह बताया.
यह भी पढ़ें: 'राम हमारे संस्कार और आदर्श हैं', अयोध्या में मालिनी अवस्थी ने बताई रामकथा की अहमियत
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि भाजपा के नेता ही रामभक्त होने का दावा करते हैं, जबकि उनका भगवान राम से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता राम के नाम पर व्यापार करते हैं और चंदे की चोरी करते हैं. अवधेश प्रसाद ने कहा कि राम को कोई इंसान नहीं लाया है. भगवान राम सबके हैं और भाजपा के नेता उनके नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं.
अखिलेश यादव के परिवार के साथ रामलला के दर्शन करने अयोध्या आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनका स्वागत उसी तरह किया जाएगा, जैसे भगवान राम के अयोध्या लौटने पर हुआ था. उन्होंने कहा कि राजनीति में परिवार का मतलब सिर्फ घर के सदस्य नहीं, बल्कि पूरा प्रदेश और देश होता है. इसलिए अखिलेश यादव के आगमन पर बड़ी संख्या में लोग उनका स्वागत करेंगे.
मिल्कीपुर उपचुनाव में धांधली का लगाया आरोप
2024 के लोकसभा चुनाव में फैजाबाद सीट पर जीत के बाद मिल्कीपुर उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की हार को लेकर पूछे गए सवाल पर अवधेश प्रसाद ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि मिल्कीपुर उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार और उनके बेटे अजीत प्रसाद को हराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने गड़बड़ी की. उन्होंने दावा किया कि मतदान के दौरान अधिकारियों ने दरवाजे बंद करके मनमाने तरीके से वोट डलवाए. अवधेश प्रसाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने इस मामले को लेकर आवाज उठाई, लेकिन चुनाव आयोग ने उनकी शिकायतों पर संज्ञान नहीं लिया. उन्होंने कहा कि इसी वजह से अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की थी.
'अयोध्या का विकास समाजवादी पार्टी ने किया'
अयोध्या के विकास को लेकर भाजपा सरकार के दावों पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि अयोध्या के विकास की नींव समाजवादी पार्टी की सरकारों के दौरान रखी गई थी. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि अयोध्या के विकास में समाजवादी पार्टी का योगदान रहा है.
यह भी पढ़ें: अखिलेश के अयोध्या दौरे की खबर पर जयेंद्र राठौर का तंज, माफी मिलने में लगेंगे 30 साल
उन्होंने भाजपा सरकार पर विकास के नाम पर सिर्फ दिखावा करने का आरोप लगाया. अवधेश प्रसाद ने कहा कि राम मंदिर और रेलवे स्टेशन के आसपास भव्य निर्माण दिखाई देता है, लेकिन शहर की गलियों और आसपास के गांवों की स्थिति देखने पर दूसरी तस्वीर सामने आती है. उन्होंने दावा किया कि मंदिर से करीब एक किलोमीटर दूर कई इलाकों में जलभराव और कीचड़ की समस्या है. श्रीराम अस्पताल के आसपास गंदगी और दुर्गंध होने का भी उन्होंने आरोप लगाया.
उन्होंने अयोध्या में लगाई गई लाइटों की चोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि इसके लिए कौन जिम्मेदार था. उनके मुताबिक, अयोध्या का विकास केवल मुख्य सड़कों और मंदिर के आसपास की चमक-दमक तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि स्थानीय लोगों की बुनियादी समस्याओं का समाधान भी होना चाहिए.
किसानों की जमीन का मुद्दा उठाया, उचित मुआवजे का वादा
अयोध्या में विकास परियोजनाओं के लिए किसानों की जमीन अधिग्रहित किए जाने के मुद्दे पर भी अवधेश प्रसाद ने भाजपा सरकार को घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की करोड़ों रुपये की जमीन ली गई, लेकिन उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिला. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाहरी लोगों को बसाया गया और स्थानीय किसानों को उनकी जमीन से बेदखल होना पड़ा.
अवधेश प्रसाद ने कहा कि अगर 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो जिन लोगों को अयोध्या में विकास के नाम पर उजाड़ा गया है, उन्हें दोबारा बसाने का प्रयास किया जाएगा. किसानों को उनकी जमीन का उचित मूल्य दिलाया जाएगा और अयोध्या का विकास इस तरह किया जाएगा कि यहां आने वाले देश-दुनिया के श्रद्धालुओं को शहर की बदली हुई तस्वीर दिखाई दे.
यह भी पढ़ें: UGC और ब्राह्मण के मुद्दे पर ब्रजेश पाठक बोले-'सनातन संस्कृति चरम पर, छात्रों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे'
aajtak.in