उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सियासी तपिश के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव अयोध्या में रामलला के दर्शन करेंगे. अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा क्लीयर हो गया है. परिवार संग 12 दिसंबर को सपा मुखिया रामनगरी का दौरा करेंगे. 'आजतक पंचायत अयोध्या' के मंच पर सपा नेता पवन पांडे ने इस बात का ऐलान किया. अखिलेश यादव के परिवार सहित प्रभु रामलला के दर्शन करने की घोषणा के बाद सियासी पारा चढ़ गया है.
'पंचायत आजतक अयोध्या' के मंच पर पहुंचे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर तंज कसा और तीखा हमला बोला. ब्रजेश पाठक ने कहा, टबहुत देर कर दी हुजूर आते-आते! अब ट्रेन छूट गई है. जनता सब समझ चुकी है.'
अखिलेश के अयोध्या दौरे पर ब्रजेश पाठक का तंज
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे का ऐलान होने के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने आजतक के मंच से कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है और जनता विपक्ष के पैंतरे को भली-भांति समझ चुकी है. ब्रजेश पाठक ने कहा, "बहुत देर कर दी हुजूर आते-आते, अब ट्रेन छूट गई है, तुम घर जाओ." जनता विपक्ष के इस राजनीतिक पैंतरे को बखूबी समझ रही है. सवाल यही है कि इतने दिन कैसे लग गए?
'कलावा बांधें, तिलक लगाएं और राम-राम करें'
ब्रजेश पाठक ने आगे कहा कि अगर सपा प्रमुख अखिलेश यादव अयोध्या दर्शन करने आ रहे हैं, तो उनका स्वागत है, लेकिन उनको पूरी निष्ठा के साथ सनातन परंपरा को स्वीकार करना चाहिए.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने तंज भरे लहजे में कहा, 'आओ, कलावा बांधो, तिलक लगाओ, रामनामी पहनो और राम-राम करो. कम से कम बुद्धि ठीक होगी और देश का कल्याण होगा. कम से कम अपराध और अपराधियों से तो प्रदेश को मुक्ति मिलेगी.'
12 दिसंबर को अखिलेश रामलला के करेंगे दर्शन
'आजतक पंचायत अयोध्या' कार्यक्रम के मंच से पवन पांडे ने अखिलेश के अयोध्या दौरे की जानकारी दी. अखिलेश यादव अपने परिवार के साथ 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचेंगे और प्रभु रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे. इसके साथ ही अखिलेश यादव परिवार सहित हनुमानगढ़ी भी दर्शन करने जाएंगे. इस दौरान अखिलेश यादव साधु-संतों और महंतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेंगे. पवन पांडे ने बताया कि सपा प्रमुख संतों के साथ प्रसाद भी ग्रहण करेंगे.
पूर्व मंत्री पवन पांडे ने बताया कि अखिलेश यादव अयोध्या प्रवास के दौरान अलग-अलग मठों में जाकर संतों का आशीर्वाद ले सकते हैं और उनके साथ प्रसाद ग्रहण करेंगे. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव रामलला और हनुमान जी से प्रार्थना करेंगे, साथ ही मंदिर में चोरी करने वालों के खिलाफ न्याय की विनती करेंगे.
22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहला मौका होगा, जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे. भाजपा के नेता रामलला के दर्शन न करने को लेकर अखिलेश यादव पर लगातार निशाना साधते रहे हैं. ऐसे में 12 दिसंबर को प्रस्तावित उनका अयोध्या दौरा सियासी लिहाज से भी चर्चा में रहेगा. भाजपा पर सनातन और धर्म के नाम पर राजनीति करने के आरोपों के बीच अखिलेश यादव का यह दौरा सियासी रूप से बेहद अहम माना जा रहा है.
'PDA असल में परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी'
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा के चर्चित 'पीडीए' (PDA - पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर भी करारा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि सपा के लिए पीडीए का मतलब 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' और 'पापी, धोखेबाज व अपराधियों का समूह' है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा केवल एक परिवार की राजनीति करती है और जब सत्ता में थी, तब केवल तुष्टिकरण और माफियाओं को संरक्षण देने का काम करती थी.
ब्रजेश पाठक ने पूर्व की सरकारों का जिक्र करते हुए कहा कि अयोध्या में निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां चलाने वाले लोग आज किस मुंह से सनातन समाज का समर्थन मांग सकते हैं? उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार में उत्तर प्रदेश पूरी तरह 'भयमुक्त' हो चुका है और 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया' का दौर खत्म हो चुका है.
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है. उपमुख्यमंत्री ने चुनौती दी कि सपा अपने चार बार के शासनकाल के कर्मों के आधार पर जनता से वोट मांगे, केवल चुनाव आते देख ढोंग करने या पोस्टर बदलने से जनता भ्रमित होने वाली नहीं है.
aajtak.in